Bikaner Live

नशा मुक्त युवा, नशा मुक्त परिवार मैराथन दौड़ में
युवाओं से लेकर बुजुर्गों तक ने लिया उत्साहपूर्वक भाग

नोखा4अक्टूबर। अणुव्रत समिति नोखा द्वारा “नशा मुक्त युवा, नशा मुक्त परिवार—सशक्त पीढ़ी, सशक्त समाज” के संकल्प को लेकर रविवार को मैराथन दौड़ का आयोजन किया गया। मैराथन का शुभारंभ सुजानगढ़ रोड स्थित पीडब्ल्यूडी कार्यालय के पास थाना अधिकारी गोविंद सिंह चारण ने हरी झंडी दिखाकर किया । इस अवसर पर चारण ने पुलिस अधीक्षक बीकानेर मृदुल कच्छावा के ऑपरेशन नीलकंठ अभियान को कार्यक्रम का हिस्सा बताया। नशे को बढ़ाने वालों की सूचना देने के लिए पुलिस का हर समय सहयोग साथ रहेगा यह विश्वास दिलाया।

मैराथन में बड़ी संख्या में युवाओं, युवतियों एवं बुजुर्गों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर नशे के विरुद्ध जनजागरण का संदेश दिया। प्रतिभागियों ने “नशा छोड़ो, जीवन जोड़ो”, “नशा मुक्त युवा, नशा मुक्त परिवार” जैसे संदेशों के माध्यम से आमजन को नशे से दूर रहने का आह्वान किया।

पूर्व सैनिक एवं कोच लक्ष्मण गोदारा ‘फौजी’ ने सहभागिता करते हुए युवाओं का उत्साहवर्धन किया तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि नशा व्यक्ति के साथ-साथ पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है, इसलिए इसके विरुद्ध सामूहिक जागरूकता और सकारात्मक प्रयास आवश्यक हैं।

अणुव्रत समिति के अध्यक्ष रमेश कुमार व्यास ने कहा कि मैराथन का उद्देश्य केवल दौड़ का आयोजन करना नहीं, बल्कि समाज में नशामुक्ति के प्रति जागरूकता पैदा करना और प्रत्येक परिवार को स्वस्थ एवं संस्कारवान बनाने का संदेश देना है। मंत्री गजेंद्र पारख, पूर्व अध्यक्ष मनोज घीया, महावीर नाहटा ,रोहित संचेती, संदीप चोरड़िया,पुलकित ललवानी, रोशन शर्मा, जय कुलरिया, ने अणुव्रत के सिद्धांत संयम, अनुशासन और आत्मनियंत्रण के माध्यम से नशामुक्त समाज की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका बतायी । पेंशनर समाज के अध्यक्ष इंदरचंद मोदी ने उत्साह के साथ युवाओं को आगे बढ़ने का आह्वान किया।

मैराथन के दौरान प्रतिभागियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। युवाओं के साथ बुजुर्गों की सहभागिता ने कार्यक्रम को और अधिक प्रेरणादायी बना दिया। पूरे समय “हम सब का एक ही नारा -नशा मुक्त हो नोखा हमारा” गूंजता रहा। कार्यक्रम में जाट छात्रावास ,ग्लोरियस डिफेंस एकेडमी, शारदा क्लासेस , तेरापंथ युवक परिषद की सक्रिय भूमिका सहयोगी संस्था के रूप  में रहीं।

Picture of Gordhan Soni

Gordhan Soni

खबर

Related Post

रविवार के श्रमदान से संवरा न्यायालय पार्किंग क्षेत्र, अब पूरी तरह साफ हुआ स्थान लगभग 8 ट्रैक्टर ट्रॉलियां कचरा हटाकर डंपिंग क्षेत्र भेजा गया, नियमित सफाई व्यवस्था बनाने का प्रशासन से आग्रह

Read More »
error: Content is protected !!