
भ्रष्टाचार विषय पर कक्षा 9वीं और 10वीं के विद्यार्थियों ने लिया भाग, विजेताओं को किया सम्मानित
बीकानेर। मुरलीधर व्यास कॉलोनी स्थित ग्वाल बाल शिक्षा निकेतन सेकेंडरी विद्यालय में पंजाब एंड सिंध बैंक की ओर से सतर्कता जागरूकता सप्ताह मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय में कक्षा 9वीं और 10वीं के विद्यार्थियों के लिए ‘भ्रष्टाचार’ विषय पर निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपने विचार प्रस्तुत किए।
प्रतियोगिता में कक्षा 9वीं की छात्रा टीना साध ने प्रथम, निधि जोशी ने द्वितीय तथा खुशी कुम्हार ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं, कक्षा 10वीं में एकता उपाध्याय प्रथम, सिद्धार्थ बिस्सा द्वितीय तथा गुंजन मंडा तृतीय स्थान पर रहे।
इस अवसर पर पंजाब एंड सिंध बैंक की गोकुल सर्किल शाखा के प्रबंधक राहुल कुमार ने प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में भ्रष्टाचार के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा ईमानदारी, पारदर्शिता और नैतिक मूल्यों के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करना रहा।












