Bikaner Live

बीकानेर में उमड़ा मुद्रा प्रेमियों का हुजूम, दुर्लभ सिक्कों और नोटों को देखने पहुंची भारी भीड़

बीकानेर में उमड़ा मुद्रा प्रेमियों का हुजूम, दुर्लभ सिक्कों और नोटों को देखने पहुंची भारी भीड़

‘बिकाणा मुद्रा महोत्सव-2026’ के दूसरे दिन उमड़े शहरवासी, छह सौ स्कूली बच्चों ने देखी ऐतिहासिक मुद्राओं की अनूठी विरासत

बीकानेर। ऐतिहासिक धरोहर और दुर्लभ मुद्राओं के प्रति लोगों का उत्साह देखते ही बन रहा है। गंगाशहर स्थित अग्रवाल भवन में आयोजित तीन दिवसीय ‘बिकाणा मुद्रा महोत्सव-2026’ के दूसरे दिन मुद्रा प्रेमियों, संग्रहकर्ताओं, विद्यार्थियों और आम नागरिकों का ऐसा हुजूम उमड़ा कि प्रदर्शनी स्थल पर भारी भीड़ को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन एवं बाउंसरों की मदद से कतारें लगवानी पड़ीं।

आयोजक किशनलाल सोनी ने बताया कि दूसरे दिन आगंतुकों की संख्या उम्मीद से कहीं अधिक रही। भीड़ को व्यवस्थित रखने के लिए विशेष व्यवस्था करनी पड़ी। जैन कन्या महाविद्यालय की छात्राओं सहित विभिन्न स्कूलों के करीब 600 विद्यार्थियों ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया। बच्चों ने सदियों पुराने दुर्लभ सिक्कों, नोटों और ऐतिहासिक मुद्राओं को देखकर विशेष उत्साह एवं जिज्ञासा दिखाई।

संग्रहकर्ता उमेश मोदी ने विद्यार्थियों को देश के अलग-अलग शहरों से आए संग्रहकर्ताओं के स्टॉल पर ले जाकर विभिन्न देशों की मुद्राओं, उनके इतिहास और विशेषताओं की जानकारी दी। इस अवसर पर स्थानीय संग्रहकर्ता भारत भूषण गुप्ता का सम्मान भी किया गया।

महोत्सव में विशेष आकर्षण के रूप में करीब 100 देशों के सिक्कों के एल्बम, 100 देशों के बैंक नोटों का संग्रह और हड़प्पा-मोहनजोदड़ो सभ्यता के दौर से जुड़ी प्राचीन पंचमार्क मुद्राओं के संग्रह ने सभी का ध्यान आकर्षित किया। इन ऐतिहासिक मुद्राओं को देखकर विद्यार्थी रोमांचित नजर आए और उन्होंने उत्सुकता से इनके बारे में जानकारी प्राप्त की।

बीकानेर के प्रसिद्ध रंगकर्मी एवं उद्घोषक संजय पुरोहित ने भी डूंगर कॉलेज के व्याख्याता सुरेंद्रपाल मेघ ,सोनू ,शिवा के साथ प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने आयोजन की सराहना करते हुए बीकानेर मुद्रा महोत्सव आयोजन समिति का आभार जताया और कहा कि इतने बड़े स्तर पर मुद्रा एवं ऐतिहासिक धरोहरों को एक मंच पर प्रदर्शित करना सराहनीय प्रयास है।

महोत्सव का एक खास पहलू यह भी रहा कि बीकानेर के स्थानीय निवासी अपने घरों में वर्षों से संभालकर रखे पुराने बर्तन, घड़ियां, माचिस की डिब्बियां और अन्य पुरातन धरोहरों की सामग्री लेकर प्रदर्शनी स्थल पहुंचे। लोगों ने अपनी पुरानी वस्तुओं का प्रदर्शन करने के साथ ही उनकी ऐतिहासिक महत्ता एवं मूल्यांकन के बारे में भी जानकारी प्राप्त की।

बीकानेर न्यूमिसमेटिक सोसायटी के सचिव सुधीर लुणावत ने बताया कि आयोजकों के लिए भी यह बेहद रोमांचक और उत्साहजनक अनुभव है कि इतनी बड़ी संख्या में संग्रहकर्ता और मुद्रा प्रेमी महोत्सव में पहुंच रहे हैं। बीकानेर के अलावा देशनोक, नोखा, नागौर, उदासर, बज्जू, जज्जू, पांचू, नाल, लूणकरणसर और जोधपुर सहित विभिन्न क्षेत्रों से संग्रहकर्ता अपनी दुर्लभ मुद्राओं एवं पुरातन संग्रह के साथ यहां पहुंचे। अनेक लोगों ने अपनी संग्रहित मुद्राओं का मूल्यांकन भी करवाया।

महोत्सव के दूसरे दिन की जबरदस्त भीड़ ने यह साबित कर दिया कि बीकानेर में ऐतिहासिक धरोहरों, सिक्कों और करेंसी के प्रति लोगों में गहरी रुचि है।

Picture of Prakash Samsukha

Prakash Samsukha

खबर

http://

Related Post

error: Content is protected !!