Bikaner Live

वरिष्ठ पत्रकार उमेश सक्सेना का अभिनंदन, पत्रकारिता के मूल्यों और बदलते दौर पर हुई चर्चा

राष्ट्रीय प्रेस दिवस पर मरुधरा न्यूज एंड पीआर एजेंसी एवं निर्विकल्प फाउंडेशन की संयुक्त पहल
बीकानेर। राष्ट्रीय प्रेस दिवस के अवसर पर सोमवार को मरुधरा न्यूज एंड पीआर एजेंसी एवं निर्विकल्प फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में वरिष्ठ पत्रकार उमेश सक्सेना का अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर पत्रकारिता के इतिहास, लोकतंत्र में प्रेस की भूमिका, बदलते दौर में मीडिया की चुनौतियों और जनसंपर्क (पीआर) के बढ़ते महत्त्व पर विचार व्यक्त किए।

निर्विकल्प फाउंडेशन के फाउंडर डायरेक्टर डॉ. चंद्रशेखर श्रीमाली ने कहा कि पत्रकारिता केवल समाचारों के संकलन और प्रसारण का माध्यम नहीं। यह समाज को दिशा देने और जनहित के मुद्दों को प्रभावी ढंग से सामने लाने का महत्वपूर्ण दायित्व है। पत्रकारिता की विश्वसनीयता, निष्पक्षता और सामाजिक प्रतिबद्धता ही इसकी सबसे बड़ी पूंजी है। वरिष्ठ पत्रकारों का सम्मान नई पीढ़ी को उनके अनुभवों और कार्यशैली से सीखने का अवसर प्रदान करता है।

मरुधरा न्यूज एंड पीआर एजेंसी के सीईओ केशव आचार्य ने कहा कि वर्तमान दौर में पत्रकारिता के साथ जनसंपर्क (पीआर) की भूमिका भी लगातार व्यापक हो रही है। आज संस्थाओं, संगठनों और व्यक्तियों के सकारात्मक कार्यों, उपलब्धियों तथा सामाजिक सरोकारों को सही तथ्यों के साथ आमजन तक पहुंचाना जरूरी है। पीआर का उद्देश्य केवल प्रचार करना नहीं, बल्कि विश्वसनीय संवाद स्थापित करना और सकारात्मक कार्यों को उचित मंच प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि डिजिटल मीडिया के विस्तार के बीच सूचनाओं की गति के साथ उनकी प्रमाणिकता बनाए रखना भी बड़ी जिम्मेदारी है।

वरिष्ठ फोटो पत्रकार बीजी बिस्सा ने कहा कि पत्रकारिता में तस्वीरों की भूमिका भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। एक प्रभावशाली तस्वीर कई बार वह संदेश दे देती है, जिसे शब्दों में व्यक्त करना कठिन होता है। फोटो पत्रकारिता समाज के समकालीन इतिहास का दस्तावेजीकरण भी करती है।

मीडिया बर्ड के अक्षय आचार्य ने कहा कि सोशल मीडिया के दौर में सूचनाओं की बाढ़ के बीच सही और गलत का अंतर समझना तथा प्रमाणिक खबरों को प्राथमिकता देना आवश्यक है।

वरिष्ठ पत्रकार राजेश सक्सेना ने कहा कि प्रेस समाज की आवाज है और पत्रकारों का सम्मान उनके सामाजिक योगदान का सम्मान है।

इस दौरान उमेश सक्सेना को साफा, शॉल, श्रीफल, स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।

वरिष्ठ पत्रकार उमेश सक्सेना ने अपने लंबे पत्रकारिता अनुभव साझा करते हुए कहा कि समय के साथ पत्रकारिता के माध्यम और तकनीक बदले हैं, लेकिन इसका मूल उद्देश्य सच्चाई को सामने लाना और समाज के प्रति जवाबदेह बने रहना है। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता में आने वाली नई पीढ़ी को वरिष्ठ पत्रकारों के अनुभवों से सीखना चाहिए। पत्रकारिता के प्रति समर्पण, समाचारों की समझ, भाषा की मर्यादा और कार्यशैली जैसे गुण युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हो सकते हैं।

ऋषि नारायण श्रीमाली ने कहा कि बीकानेर की पत्रकारिता के इतिहास और उसकी समृद्ध परंपरा का उल्लेख करते हुए कहा कि यहां की पत्रकारिता ने सामाजिक सरोकारों, जनसमस्याओं और जनजागरण के मुद्दों को हमेशा प्रमुखता दी है।

श्रीकुंज बिस्सा ने कहा कि बीकानेर की पत्रकारिता ने शहर की सामाजिक, सांस्कृतिक और लोकतांत्रिक चेतना को स्वर देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। इस विरासत को आगे बढ़ाना नई पीढ़ी की जिम्मेदारी है।

Picture of Gordhan Soni

Gordhan Soni

खबर

http://

Related Post

error: Content is protected !!