Bikaner Live

राज्यपाल श्री हरिभाऊ बागड़े की अध्यक्षता में संपन्न होगी वीएमओयू की अंतरराष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस


कुलगुरु प्रो. बी.एल. वर्मा ने राज्यपाल से की शिष्टाचार भेंट, कॉन्फ्रेंस में शामिल होने का दिया निमंत्रण

जयपुर, वर्धमान महावीर खुला विश्वविद्यालय, कोटा के कुलगुरु प्रोफेसर बी.एल. वर्मा ने राज्यपाल श्री हरिभाऊ बागड़े से शिष्टाचार भेंट की एवं दीपावली की शुभकामनाएं प्रदान की। जनसंपर्क प्रकोष्ठ के सह संयोजक विक्रम राठौड़ ने बताया कि प्रोफेसर वर्मा ने राज्यपाल को वीएमओयू की ओर से दिनांक 17-18 दिसंबर को आयोजित होने वाली दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस में मुख्य अतिथि एवं अध्यक्ष के रूप में शामिल होने का आमंत्रण भी दिया। राज्यपाल ने विश्वास व्यक्त किया कि यह अंतरराष्ट्रीय कांफ्रेंस राजस्थान को अंतरराष्ट्रीय मुक्त शिक्षा के मानचित्र पर और अधिक सशक्त पहचान दिलाएगी। कुलगुरु प्रो.वर्मा ने राज्यपाल को कॉन्फ्रेंस से जुडी आयोजन की तैयारियों के संबंध में विस्तार से जानकारी प्रदान की। उन्होंने बताया कि इस अंतरराष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस के माध्यम से दूरस्थ शिक्षा, अनुसंधान, नवाचार एवं उच्च शिक्षा के बदलते स्वरूप से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के शिक्षाविद्, विशेषज्ञ और शोधार्थी अपने विचार साझा करेंगे।

कुलगुरु प्रो.बी.एल.वर्मा ने कहा कि राज्यपाल श्री हरिभाऊ बागड़े की अध्यक्षता में आयोजित होने वाली यह अंतरराष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस दूरस्थ शिक्षा के क्षेत्र में अकादमिक संवाद, वैश्विक ज्ञान के आदान- प्रदान और नवीन शैक्षणिक संभावनाओं को प्रोत्साहित करने के साथ मुक्त शिक्षा में वैश्विक सहयोग का मार्ग प्रशस्त करेगी।  प्रो.वर्मा ने कहा कि वीएमओयू दूरस्थ एवं ऑनलाइन शिक्षा के माध्यम से मुक्त शिक्षा को आमजन तक पहुंचाने के लिए निरंतर नवाचार कर रहा है।

Picture of Gordhan Soni

Gordhan Soni

खबर

http://

Related Post

error: Content is protected !!