Bikaner Live

कांस्टेबल देबूराम ने दो महीने में 52 से अधिक लोगों के चेहरों पर लौटाई मुस्कान,

गुमशुदा और चोरी हुए मोबाइल खोजकर किए सुपुर्द


बीकानेर। किसी व्यक्ति का मोबाइल फोन गुम हो जाना या चोरी हो जाना आज के समय में बड़ी परेशानी बन जाता है। मोबाइल में मौजूद जरूरी दस्तावेज, संपर्क नंबर और यादगार तस्वीरों के कारण लोग उसके वापस मिलने की उम्मीद लगाए रहते हैं। ऐसे में बीकानेर के सदर पुलिस थाने में तैनात कांस्टेबल देबूराम (बेल्ट नंबर 1592) अपनी मेहनत, लगन और कर्तव्यनिष्ठा से लोगों की मायूसी को खुशी में बदलने का सराहनीय कार्य कर रहे हैं।
कांस्टेबल देबूराम ने पिछले दो महीनों में 52 से अधिक चोरी एवं गुमशुदा मोबाइल फोन तलाश कर उनके वास्तविक मालिकों तक पहुंचाए हैं। उनकी इस उपलब्धि से अनेक लोगों के चेहरों पर फिर से मुस्कान लौट आई है। मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने पुलिस की कार्यशैली और कांस्टेबल की मेहनत की सराहना की।
इसी क्रम में बीकानेर की व्यास कॉलोनी निवासी विजय कुमार अग्रवाल का मोबाइल फोन जूनागढ़ के पास आयोजित एक रैली के दौरान गुम हो गया था। सदर थाने के कांस्टेबल देबूराम ने लगातार प्रयास कर मोबाइल को तलाश लिया। इसके बाद गुरुवार को विजय कुमार अग्रवाल के पुत्र दीपेश अग्रवाल को उनका मोबाइल सुपुर्द किया गया। लंबे समय बाद मोबाइल वापस मिलने पर परिवार ने खुशी जाहिर करते हुए पुलिस का आभार जताया।
कांस्टेबल देबूराम ने बताया कि बरामद किए गए गुमशुदा एवं चोरी के मोबाइल राजस्थान के अलग-अलग जिलों के अलावा महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश से भी तलाश कर मंगवाए गए हैं। इसके लिए लगातार प्रयास करते हुए तकनीकी जानकारी और पुलिस की सक्रियता के माध्यम से मोबाइल फोन बरामद किए गए।
आईजी ओमप्रकाश एवं पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा के निर्देशानुसार चल रहा अभियान
गुमशुदा एवं चोरी हुए मोबाइल फोन की बरामदगी का यह कार्य पुलिस महानिरीक्षक ओमप्रकाश तथा पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा के निर्देशानुसार किया जा रहा है। अधिकारियों के मार्गदर्शन में पुलिसकर्मी लगातार प्रयास कर रहे हैं, ताकि आमजन को उनके खोए हुए मोबाइल वापस मिल सकें।
कांस्टेबल देबूराम की कार्यशैली यह दर्शाती है कि पुलिस की सक्रियता, तकनीकी दक्षता और एक कर्मचारी की ईमानदार मेहनत आमजन के विश्वास को मजबूत कर सकती है। महज दो महीने में 52 से अधिक मोबाइल फोन बरामद कर उनके मालिकों को लौटाना उनकी कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण का सराहनीय उदाहरण है।

Picture of Gordhan Soni

Gordhan Soni

खबर

http://

Related Post

error: Content is protected !!