


जीतो की महिला विंग के स्नेह मिलन में
संगठन सशक्तिकरण, सेवा, शिक्षा व विकास पर चर्चा
बीकानेर, 19 नवम्बर। जैन समाज की सर्वोच्च अंतरराष्ट्रीय संस्था, जैन इंटरनेशनल ट्रेड ऑर्गनाइजेशन (जीतो) के बीकानेर चैप्टर की महिला विंग का स्नेह मिलन गुरुवार को होटल बसंत विहार में नवनियुक्त चैप्टर चेयरपर्सन श्रीमती प्रीति डागा के नेतृत्व में हुआ। स्नेह मिलन में चैप्टर की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी, पूर्व कार्यकारिणी सहित 121 से अधिक महिलाओं ने हिस्सा लिया। आपसी परिचय, मनोरंजक खेल के साथ हुए स्नेह मिलन में जैन समुदाय की महिलाओं के सशक्तिकरण, सेवा, शिक्षा व विकास पर भी चर्चा की गई।
जीतो की बीकानेर चैप्टर की चैयरपर्सन एवं अखिल भारतवर्षीय साधुमार्गी जैन समिति की राष्ट्रीय महामंत्री प्रीति डागा ने बताया कि स्नेह मिलन कार्यक्रम ’’हम तुम और गुफ्तगु’’ का मुख्य उद्धेश्य पिछले एक साल में संगठन से जुड़े 100 से अधिक नए सदस्यों व नई कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण से पूर्व मेल-मुलाकात करना, एक दूसरे से परिचय प्राप्त करना, नई टीम का साथ देना उसका उत्साह, स्नेह व प्यार बढ़ाना है। इस अवसर पर बीकानेर चैप्टर की नव निर्वाचित अध्यक्ष श्रीमती प्रीति डागा के साथ उपाध्यक्ष नंदनी छलाणी, दीपिका बोथरा, मुख्य सचिव प्रियंका बैद, संयुक्त सचिव भावना डागा, कोमल सुखलेचा तथा कोषाध्यक्ष सुनीता कोठारी ने नए सदस्यों का परिचय प्राप्त करते हुए उनका स्वागत किया।
नवकार महामंत्र से शुरू हुए कार्यक्रम में महिलाओं को आत्म निर्भर, आर्थिक रूप से सक्षम और नेतृत्व के लिए तैयार करने, शिक्षा, स्वास्थ्य, कौशल विकास, उद्यमिता और पर्यावरण संरक्षण, डिजिटल और साइबर जागरूकता आदि क्षेत्रों में सबके सहयोग से कार्यक्रम आयोजित करने का संकल्प दोहराया। उन्होंने बताया कि जीतो की स्थापना 2007 में हुई थी इसका उद्धेश्य व्यापार नेटवर्किंग, आर्थिक सशक्तिकरण, शिक्षा और समाज सेवा के माध्यम से समुदाय को जोड़ना और आगे बढ़ाना है।












