गुरुवार को उत्तर प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू को उत्तर प्रदेश पुलिस ने बाराबंकी से हिरासत में ले लिया। अजय कुमार लल्लू अयोध्या के किसानों से मिलने जा रहे थे। उसी समय पुलिस ने उन्हें अयोध्या जाने से रोक दिया। उत्तर प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष अजय लल्लू का कहना है कि “अयोध्या में अलग-अलग प्रकार के प्रोजेक्ट के लिए जिन किसानों का भूमि अधिग्रहण किया जा रहा है उन्हें उनके जमीन के लिए वाजिब कीमत नहीं दी जा रही है, बल्कि कम दाम में ही उत्तर प्रदेश सरकार उनकी जमीनों को हथिया रही है। इसी बात को लेकर अजय लल्लू अयोध्या के किसानों से मिलने जा रहे थे तभी पुलिस ने उन्हें यह कहकर रोक दिया कि अयोध्या में धारा 144 लागू है। उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि “क्या यह सरकार संविधान को नहीं मानती? क्या यह लोकतंत्र को नहीं मानते?” उन्होंने कहा कि “हम गांधी को मानने वाले लोग हैं, अंबेडकर की राह पर चलने वाले लोग हैं हम शांतिपूर्ण तरीके से अयोध्या में किसानों से बातचीत करने के लिए उनसे मिलने जा रहे थे लेकिन पुलिस ने उन्हें यह कहकर रोक दिया कि अयोध्या में धारा 144 लागू है। कांग्रेस के कार्यकर्ता उत्तर प्रदेश सरकार के इस दमन से और पुलिसिया दबाव से पीछे हटने वाले नहीं है और किसानों की आवाज लगातार उठाते रहेंगे।”















