
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को देश की पहली ड्राइवरलेस मेट्रो ट्रेन की शुरुआत दिल्ली में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए की। जनकपुरी पश्चिम से बॉटनिकल गार्डन तक मेट्रो की 37 किलोमीटर लंबी मैजेंटा लाइन पर यह सुविधा शुरू की गई है। इससे लोगों को मेट्रो में सफर का नया एक्सपीरियंस मिलेगा, यह सुरक्षित भी होगा। इसका सिस्टम ऐसा है कि दो ट्रेनें अगर एक ट्रैक पर आ जाएंगी, तो अपने आप रुक जाएंगी।
इसकी शुरुआत करते हुए मोदी ने कहा कि 3 साल पहले मैजेंटा लाइन के उद्घाटन का सौभाग्य मिला था। आज फिर इसी लाइन पर पूरी तरह से ऑटोमेटेड मेट्रो के उद्घाटन का सौभाग्य मिला। ये दिखाता है कि कैसे देश तेजी से आगे बढ़ रहा है।
मोदी के भाषण की 5 अहम बातें
1. 2025 तक 25 से ज्यादा शहरों में मेट्रो का लक्ष्य
मोदी ने कहा कि दिल्ली में पहली मेट्रो अटलजी के प्रयासों से चली। 2014 में जब हमारी सरकार बनी, तब केवल 5 शहरों में मेट्रो रेल थी। आज 18 शहरों में ये सेवा है। 2025 तक 25 से ज्यादा शहरों में विस्तार कर देंगे। मेट्रो का विस्तार 700 किमी से ज्यादा है। 2025 में इसका विस्तार 1700 किमी करने पर विचार कर रहे हैं। अब 25 लाख लोग रोज मेट्रो से सवारी करते हैं। ये ईज ऑफ लिविंग का सबूत है। ये देश के मिडिल क्लास के सपने पूरे होने के साक्ष्य हैं।
2. पहले ऐलान किए जाते थे, हमने पॉलिसी बनाई
ब्यूरोक्रेसी वही है, सब वही है, लेकिन काम तेजी से हुआ। इसकी वजह हमने अवसर को देखा। पहले केवल ऐलान किए जाते थे। हमने मेट्रो को लेकर पॉलिसी बनाई और रणनीति लागू की। स्थानीय मानकों को बढ़ावा देने, आधुनिक टेक्नोलॉजी पर जोर दिया।














