
कोरोना की वजह से बंद हुए प्राइमरी और मिडिल स्कूलों के नए शिक्षा सत्र (1 अप्रैल) से खुलने की संभावना अब नहीं के बराबर हो गई है। सरकार के हल्कों से संकेत मिल रहे हैं कि पहली से आठवीं तक के ये दोनों ही स्कूल गर्मी की छुट्टी के बाद यानी 16 जून से ही खुलेंगे। लेकिन दसवीं-बारहवीं सीजी बोर्ड के लिए प्रैक्टिकल व प्रोजेक्ट वर्क की अनिवार्यता है। इसलिए विचार किया जा रहा है कि अगले महीने यानी फरवरी से छात्रों को स्कूल आने की अनुमति दे दी जाए। शिक्षा विभाग के अफसरों का कहना है कि अभी स्कूल नहीं खुलेंगे। दूसरे राज्य में जहां स्कूल खुले हैं उनकी जानकारी ली जा रही है। इसके अनुसार समीक्षा की जाएगी। स्कूल खोलने को लेकर कैबिनेट ने आगामी आदेश तक रोक लगायी है। इसके निर्णय से ही स्कूल खुलेंगे। इससे पहले, कोरोना संक्रमण की वजह से मार्च 2020 से स्कूलों में क्लास रूम टीचिंग बंद है। ऑनलाइन कक्षाओं के माध्यम स्कूलों में पढ़ाई हो रही है। अब भी इसके माध्यम ही प्राइमरी व मिडिल की कक्षाएं चलेंगी। क्लास रूम टीचिंग अभी नहीं होगी। शिक्षाविदों का कहना है कि सीबीएसई बोर्ड के लिए 1 अप्रैल और सीजी बोर्ड के तहत 15 जून से नया सत्र शुरू होता है। छोटे बच्चों की क्लास मार्च तक शुरू होने की संभावना नहीं है। सीजी बोर्ड के स्कूलों में अप्रैल में पढ़ाई लगभग नहीं ही होती है। जबकि सीबीएसई में 1 से 20 अप्रैल तक क्लासेस लगती है। इसके बाद गर्मी की वजह से स्कूल बंद होने लगते हैं। 1 मई से लेकर 14 जून तक गर्मी की छुट्टी रहती है। फिर 15 जून से कक्षाएं शुरू होती है। इसे देखते हुए ही यह संभावना है कि छोटे बच्चों की कक्षाएं गर्मी छुट्टी के बाद ही लगेंगे।















