
कल की रिकॉर्ड तेजी के बाद मंगलवार को शेयर बाजार की शुरुआत गिरावट के साथ हुई। आज निवेशक ऊंचे भाव पर शेयर बेचकर मुनाफा काट रहे हैं। इसके अलावा बाजार पर वैश्विक बाजारों की सुस्ती का भी असर है। बाजार की गिरावट में IT और बैंकिंग शेयर सबसे आगे हैं। दूसरी ओर ऑटो और मेटल शेयरों में भारी खरीदारी है।
इंडसइंड बैंक का शेयर टॉप लूजर
सुबह 11.35 बजे सेंसेक्स 62.59 अंक नीचे 49,206.73 पर कारोबार कर रहा है। इसमें टाइटन और एशियन पेंट्स के शेयर 1-1% से ज्यादा की गिरावट के साथ कारोबार कर रहे हैं। दूसरी ओर भारती एयरटेल का शेयर इंडेक्स का टॉप गेनर है। शेयर 3.11% ऊपर 564 रुपए के भाव पर कारोबार कर रहा है।
BSE पर 2,947 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हो रहा है। इनमें 1,479 के शेयर बढ़त के साथ कारोबार कर रहे हैं। 299 के शेयर भी एक साल के हाई पर पहुंचे। वहीं, लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैप बढ़कर 197.17 लाख करोड़ रुपए के पार पहुंच गया है।
निफ्टी का सपाट कारोबार
दूसरी ओर निफ्टी इंडेक्स 10 अंक ऊपर 14,494.55 पर कारोबार कर रहा है। इंडेक्स में टाटा मोटर्स का शेयर टॉप गेनर है। शेयर 10.51% ऊपर कारोबार कर रहा है। कल भी शेयर 12% ऊपर बंद हुआ था। इंडेक्स में आयशर मोटर का शेयर 5.18% और गेल के शेयर भी 4.46% ऊपर कारोबार कर रहे हैं। दूसरी ओर डिविज लैब, टाइटन, एशियन पेंट्स और कोटक बैंक का शेयर गिरावट के साथ कारोबार कर रहे हैं।














