
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प का कार्यकाल खत्म होने में सिर्फ एक हफ्ता बाकी है। गुरुवार को कैपिटल हिल में हुई हिंसा से अमेरिकी सांसद नाराज हैं और ट्रम्प पर महाभियोग चलाने के लिए अमेरिकी संसद के हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स में वोटिंग कर चुके हैं।
उप राष्ट्रपति माइक पेंस संविधान के 25वें संशोधन का इस्तेमाल करने से इनकार कर चुके हैं, जिसके जरिए ट्रम्प को पद से हटाया जा सकता है। ट्रम्प अगर हटते तो पेंस बाकी 7 दिन राष्ट्रपति बन सकते थे। हालांकि, उन्होंने ऐसा नहीं किया। अब महाभियोग पर जोर ज्यादा है। डेमोक्रेट सांसद चाहते हैं कि ट्रम्प पर दूसरी बार महाभियोग चलाया जाए।
क्या वास्तव में महाभियोग से हटाए जा सकते हैं ट्रम्प
यह नामुमकिन तो नहीं, लेकिन मुश्किल जरूर है। …और इसकी सबसे बड़ी वजह है वक्त। ट्रम्प का कार्यकाल अब से 6 दिन बाद खत्म हो जाएगा। इसे कुछ पॉइंट्स के जरिए आसान भाषा में समझते हैं।
- महाभियोग की प्रक्रिया पूरा करने के लिए मियाद तो तय नहीं है, लेकिन इसमें करीब 10 दिन तो लग ही सकते हैं।
- भारत की तरह अमेरिकी संसद के भी दो सदन हैं। चूंकि चुनाव में डेमोक्रेट्स को जीत मिली, लिहाजा हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स (HOR) में उसका बहुमत है। इसकी स्पीकर नैंसी पेलोसी महाभियोग की वकालत भी कर रही हैं, लेकिन सीनेट में अब भी रिपब्लिकन पार्टी मेजॉरिटी में है।














