

श्री डूंगरगढ़, अक्टूबर 1, 2022
भारत निर्वाचन आयोग की अभिनव पहल पर कस्बे के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में शनिवार को अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर शतायु मतदाता सम्मान समारोह में केशराराम आयु 106 वर्ष एवं श्रीमती लिच्छमा कंवर आयु 101 वर्ष का तिलकार्चन-माल्यार्पण एवं शॉल ओढ़ाकर तथा श्री फल एवं मुख्य निर्वाचन आयोग द्वारा हस्ताक्षरित प्रशंसा-पत्र प्रदान कर अभिनन्दन किया गया। सम्मान कार्यक्रम का संयोजन करते हुए राज्य स्तरीय निर्वाचन प्रशिक्षक डॉ. राधाकिशन सोनी ने सम्मान समारोह के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला तथा आयोग द्वारा शतायु मतदाताओं को प्रदत्त प्रशंसा पत्रों का वाचन किया। प्राचार्य आदूराम जाखड़ ने वरिष्ठ नागरिकों को पोस्टल बैलट सुविधा एवं शतायु नागरिकों का सम्मान करने सम्बन्धी नवाचारों के लिए आयोग का आभार प्रकट किया। वरिष्ठ नागरिक एवं वार्ड पार्षद सोहन लाल ओझा ने अपने सम्बोधन में कहा कि हमें शतायु मतदाताओं के अनुभवों लाभ लेकर मतदान अवश्य करना चाहिए। समारोह में नायब तहसीलदार रतन लाल, पत्रकार श्रीमती कपिला स्वामी, संजय पारीक, राजू हीरावत, बीएलओ प्रमोद शर्मा आदि ने भी विचार रखे। इस अवसर पर निर्वाचन सम्बन्धी प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया। समारोह में पर्यवेक्षक, बीएलओ, शिक्षक भव्य कटारिया, सूचना सहायक मोहम्मद आरिफ एवं शाला स्टाफ सदस्य उपस्थित थे।

















