
बीकानेर। नगर निगम वार्ड संख्या 5 के उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी श्रीमती कांता देवी भाटी की जीत पर शहर भाजपा पदाधिकारियों ने खुशी प्रकट करते हुए वार्ड के मतदाताओं का आभार प्रकट किया है।
जिलाध्यक्ष अखिलेश प्रताप सिंह ने कहा कि यह जीत कई मायने में महत्वपूर्ण जीत है। पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के वार्ड 5 में पूर्व में वार्ड पार्षद कांग्रेस का प्रतिनिधित्व कर रहा था। इस विधानसभा में कांग्रेस के बड़े नेता डॉ. बुलाकीदास कल्ला का लंबे समय से वर्चस्व है,आज कांग्रेस के तमाम प्रयास, मतदाताओं को अनेकों प्रलोभन देने के बाद भी सफल नही हुए है। दूसरी तरफ पार्टी ने एक रणनीति के तहत अपने मण्डल अध्यक्ष चंद्रप्रकाश गहलोत के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने पूरे तालमेल के साथ लड़ा। केंद्रीय मंत्री श्री अर्जुनराम मेघवाल के मार्गदर्शन में बूथ स्तरीय माइक्रो मैनेजमेंट का सफलता के साथ प्रयोग किया गया।
सिंह ने कहा कि अब जनता का कांग्रेस से मोह भंग हो चुका है। इस जीत से पार्टी के कार्यकर्ताओं मे उत्साह की लहर है जिसका लाभ पार्टी को आने वाले चुनावों में अवश्य मिलेगा। उन्होंने कहा कि इस महत्वपूर्ण परिवर्तन के लिए भाजपा वार्ड के सभी मतदाताओं के प्रति भी आभार प्रकट करती है।
प्रदेश कार्यसमिति सदस्य और पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. सत्यप्रकाश आचार्य ने कहा कि पश्चिम विधानसभा के इस महत्वपूर्ण वार्ड में सत्ताधारी कांग्रेस दल के कब्जे से पार्षद पद छीनकर भाजपा प्रत्याशी की विजय से साफ है कि आम जनता कांग्रेस राज से त्रस्त हो चुकी है और यह परिणाम जनता की नब्ज को दर्शाते हुए आगामी विधानसभा में भी भाजपा के प्रति मतदाताओं के सकारात्मक रुझान को इंगित करता है।
जिला महामंत्री अनिल शुक्ला, मोहन सुराणा, जिला उपाध्यक्ष अशोक प्रजापत, गोकुल जोशी, बंशीलाल तंवर, जिला मंत्री अरुण जैन, जिला मंत्री और मीडिया प्रभारी मनीष आचार्य, गोपेश्वर मंडल अध्यक्ष चंद्रप्रकाश गहलोत इत्यादि पदाधिकारियों ने भी भाजपा प्रत्याशी की जीत पर खुशी का इजहार करते हुए मतदाताओं का आभार प्रकट किया है।



























