Bikaner Live

घर-घर औषधि योजना,सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों को मिले-मेहता, जन अभियोग एवं सतर्कता समिति में दर्ज प्रकरणों की हुई समीक्षा

*घर-घर औषधि योजना*
*पहले चरण में वितरित होंगे 16 लाख पौधे, जिला कलक्टर ने की तैयारियों की समीक्षा*
बीकानेर, 26 जुलाई। घर-घर औषधि योजना के पहले चरण में इस वर्ष जिले में औषधीय महत्व के 16 लाख पौधों का निःशुल्क वितरण किया जाएगा। इनमें लगभग पांच लाख पौधे शहरी क्षेत्र में डोर-टू-डोर दिए जाएंगे। इसकी कार्ययोजना पर चर्चा के संबंध में सोमवार को जिला कलक्टर नमित मेहता की अध्यक्षता में बैठक आयोजित हुई। जिला कलक्टर ने कहा कि यह राज्य सरकार की अत्यंत महत्वाकांक्षी योजना है तथा प्रदेश स्तर पर इसकी नियमित समीक्षा होगी। इसके मद्देनजर योजना का क्रियान्वयन पूर्ण गंभीरता से किया जाए। इससे जुड़े प्रत्येक अधिकारी-कर्मचारी आपसी समन्वय रखें तथा यह सुनिश्चित करें कि लक्षित क्षेत्रों में प्रत्येक घर तक यह पौधे पहुंचे। उन्होंने कहा कि शहरी क्षेत्र में वार्ड तथा ग्रामीण क्षेत्र में ग्राम पंचायत इकाई होगी, जिनमें उपलब्धता के आधार पर चरणबद्ध तरीके से पौधे वितरित किए जाएंगे। आमजन अभियान के प्रति जागरुक हो, इसके मद्देनजर आईईसी की गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी। उन्होंने चरणवार पौधों की उपलब्धता, ट्रांसपोर्टेशन, घर-घर वितरण के लिए कमेटियों के गठन, वितरण रिकाॅर्ड संधारण सहित अन्य बिंदुओं पर चर्चा की। घर-घर पौधे पहुंचाने के लिए पर्याप्त संख्या में बैग तैयार करने के लिए नगर निगम आयुक्त और जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी को निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए उपखण्ड स्तर पर टास्क फोर्स गठित की गई हैं। इनकी बैठकें आयोजित करते हुए संबंधित क्षेत्र में पौधों के वितरण की योजना तैयार की जाए। उन्होंने बताया कि ग्राम पंचायत स्तरीय कमेटयों में एएनएम, बीएलओ, ग्राम सेवक, पटवारी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता तथा वन रक्षक आदि को शामिल किया जाएगा। उप वन संरक्षक वीरेन्द्र सिंह जोरा ने बताया कि घर-घर औषधि योजना के तहत प्रत्येक घर में आठ-आठ पौधे दिए जाएंगे। इनमें तुलसी, गिलोय, अश्वगंधा और कालमेघ के दो-दो पौधे होंगे। बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर (नगर) अरुण प्रकाश शर्मा, नगर निगम आयुक्त एएच गौरी, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी राम रतन सौंकरिया, प्रशिक्षु आइएएस सिद्धार्थ पलनिचामी, निगम उपायुक्त पंकज शर्मा, जिला उद्योग केन्द्र की महाप्रबंधक मंजू नैण गोदारा आदि मौजूद रहे।

सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों को मिले-मेहता

बीस सूत्री कार्यक्रम की समीक्षा बैठक

बीकानेर, 26 जुलाई। जिला कलक्टर नमित मेहता ने कहा कि बीस सूत्री कार्यक्रम के अंतर्गत अनेक ऐसी योजनायें संचालित की जा रही हैं, जिसका लाभ आम व्यक्ति को दिलाकर विकास की मुख्य धारा से जोड़ते हुए उनका आर्थिक और सामाजिक विकास किया जा सकता है।
मेहता सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बीस सूत्री कार्यक्रम के तहत आवंटित लक्ष्यों की प्रगति की समीक्षा बैठक में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि ग्रामीण व शहरी क्षेत्र में बीस सूत्री कार्यक्रम के तहत पात्र लोगों को लाभ दिलाने के लिए विभागों को लक्ष्य दिए है। संबंधित विभाग समय रहते हुए पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाए। उन्होंने कहा कि जिन लोगों को योजनाओं का लाभ मिला है, उसका  का सत्यापन करवाया जाए।  
जिला कलक्टर ने सभी को शुद्ध पेयजल उपलब्ध हो, इसके लिए जलजीवन मिशन के तहत लक्षित धरों में पानी का कनेक्शन देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग इस कार्य को सर्वोच्च प्राथमिता दे। उन्होंने जन-जन को स्वास्थ्य की समीक्षा की और निर्देश दिए कि संस्थागत प्रसव को प्रोत्साहित किया जाए। उन्होंने कहा कि प्राइवेट चिकित्सालयों में होने वाले प्रसव की संख्या की गणना भी की जाए। उन्होंने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी और डीएफओं को लक्ष्य के अनुरूप प्रगति नहीं किए जाने पर कारण बताओं नोटिस दिए जाने के निर्देश दिए।
15 सूत्री की बैठक- जिला कलक्टर मेहता ने जिले को 15 सूत्री कार्यक्रम के तहत आवंटित लक्ष्यों की समीक्षा की और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन विद्यालयों में  25 प्रतिशत अल्प संख्यक विद्यार्थी है, उनमें अतिरिक्त कक्षा-कक्ष पीएमजेवीके योजना के तहत बनाने का प्रावधान है। उन्होंने मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए कि वे इस संबंध में जानकारी कर, विद्यालयों में अतिरिक्त कक्षा-कक्ष बनवाने के प्रस्ताव भिजवाए। उन्होंने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को भी निर्देश दिए जिन स्वास्थ्य केन्द्रों में अतिरिक्त रूम की जरूरत है, उसके  प्रस्ताव जिला अल्प संख्यक अधिकारी कार्यालय को भेजे। उन्होंने मदरसों में विद्यार्थियों की शिक्षा, संसाधन, छात्रवृति, मदरसों के आधुनिकीकरण आदि सहित संबंधित विभागों द्वारा संचालित योजनाओं, कार्यक्रम के भौतिक व वित्तीय लक्ष्यों की समीक्षा की।
बैठक में जिला अल्प संख्यक कल्याण अधिकारी शहजाद ने विभागीय गतिविधियों की जानकारी दी। बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर (नगर) अरूण प्रकाश शर्मा, जिला रसद अधिकारी यशवंत भाकर, जिला रसद अधिकारी ग्रामीण भागुराम मेहला, उपनिदेशक सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग  एल.डी.पंवार, आरसीएचओ डॉ.राजेश गुप्ता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

जन अभियोग एवं सतर्कता समिति में दर्ज प्रकरणों की हुई समीक्षा

बीकानेर, 26 जुलाई। जिला कलक्टर नमित मेहता  की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जन अभियोग एवं सतर्कता समिति की बैठक सम्पन्न हुई। जिसमें समिति में दर्ज 16 प्रकरणोे की समीक्षा के बाद 3 प्रकरण का निस्तारण किया गया।
बैठक में समिति में दर्ज एक-एक  प्रकरण की समीक्षा के दौरान जिला कलक्टर ने खेतोलाई बुधान दियातरा के परमसुख मेघवाल द्वारा सीमाज्ञान भू-प्रबंधक विभाग से करवाएं जाने के प्रकरण में उन्होंने तहसीलदार कोलायत को निर्देश दिए कि इस संबंध में नियमानुसार प्रक्रिया अपनाकर, प्रकरण को भू-प्रबंधक विभाग को भिजवाया जाए। ग्राम पंचायत सोमलसर का सम्पूर्ण रिकार्ड तत्कालीन ग्राम सेवक द्वारा ग्राम पंचायत को नहीं दिए जाने के मामले में उन्होंने विकास अधिकारी को निर्देश दिए कि तथ्यों की जांच करते हुए मंगलवार तक इसका निस्तारण किया जाए। अगर संबंधित कार्मिक रिकार्ड उपलब्ध नहीं करवाता है तो उसे चार्जशीट दी जाए।
जिला कलक्टर ने कालासर गांव के खसरा संख्या 787/1 व 787/19 में सिंचाई की बारी बाधने एवं खाले का निर्माण के प्रकरण की जांच करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने आईजीएनपी के अभियन्ता को निर्देश दिए कि पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच करते हुए रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। गांव झझू के पुखराज ने आबादी भूमि में अपने रजिस्ट्रड पट्टा के अनुसार भूमि नापने के प्रकरण में उन्होंने विकास अधिकारी को निर्देश दिए कि आगामी 7 दिनों में प्रकरण का परीक्षण कर, मयफोटोग्राफस के रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। उन्होंने मानवेन्द्र सिंघल द्वारा बिजली का ट्रांसफार्मर हटाने के मामले में नगर विकास न्यास सचिव को निर्देश दिए कि बिजली विभाग को नियमानुसार राशि जमा करवाकर, संबंधित को प्लाट का कब्जा दिया जाए। उन्होंने कहा कि आगामी एक सप्ताह में राशि जमा करवाकर, समस्या का समाधान किया जाए।
मेहता ने ग्राम पंचायत लूणकरनसर में मण्डी एरिया व रीको से लगती बेस कीमती भूमि के संबंध में प्राप्त शिकायत की वस्तु स्थिति की जांच करने के निर्देश मुख्यकार्यकारी अधिकारी जिला परिषद को दिए। उन्होंने नोखा के खसरा नम्बर 2020/1825 पर अवैध ईंट भट्टा हटाने के निर्देश दिए और कहा कि तहसीलदार भट्टा हट गया है,उसकी रिपोर्ट मय फोटोग्राफस के साथ प्रस्तुत करें। उन्होंने मुरलीधर व्यास नगर के प्लॉट संख्या थर्ड-डी,119 के नगर विकास द्वारा म्युटेशन नहीं किए जाने के मामले में यूआईटी को सात दिनों में इस समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए।
बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर (नगर) अरूण प्रकाश, जिला रसद अधिकारी यशवंत भाकर, सहायक निदेशक लोक सेवाएं सवीना विश्नोई सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।



Picture of Gordhan Soni

Gordhan Soni

खबर

Related Post

error: Content is protected !!