
दिल्ली, श्रीमती जया वर्मा सिन्हा ने आज रेल भवन में रेलवे बोर्ड (रेल मंत्रालय) के नए अध्यक्ष और मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) का पदभार संभाल लिया। कैबिनेट की नियुक्ति समिति ने श्रीमती जया वर्मा सिन्हा की नियुक्ति को स्वीकृति दी है। जया वर्मा सिन्हा रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष और सीईओ के रूप में भारतीय रेलवे के इस शीर्ष पद पर नियुक्त होने वाली पहली महिला हैं।
इससे पहले श्रीमती जया वर्मा सिन्हा ने रेलवे बोर्ड में सदस्य (संचालन और व्यवसाय विकास) के तौर पर कार्य किया है। श्रीमती सिन्हा भारतीय रेलवे में माल ढुलाई और यात्री सेवाओं के समग्र परिवहन का दायित्व भी संभाल चुकी हैं।
श्रीमती जया वर्मा सिन्हा 1988 में भारतीय रेलवे यातायात सेवा (आईआरटीएस) में शामिल हुईं। भारतीय रेलवे में अपने 35 साल से अधिक के करियर में उन्होंने रेलवे बोर्ड के सदस्य (संचालन और व्यवसाय विकास) अपर सदस्य, यातायात परिवहन जैसे विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया है। उन्होंने परिचालन, वाणिज्यिक, आईटी और सतर्कता सहित विभिन्न क्षेत्रों में काम किया है। वह दक्षिण-पूर्व रेलवे की प्रधान मुख्य परिचालन प्रबंधक के पद पर कार्य कर चुकी है
जया वर्मा सिन्हा को फोटोग्राफी का शौक है। वह बहुत अच्छी फोटोग्राफर भी हैं। उन्हें नेचर से बहुत लगाव है। उन्हें पशु-पक्षियों की फोटो क्लिक करना पसंद है। इसके अलावा उन्हें संगीत में भी रुचि है। ओल्ड इज गोल्ड में किशोर कुमार के गाने सुनना उन्हें बेहद पसंद है। जया वर्मा के पति नीरज सिन्हा आईपीएस हैं। उनकी तैनाती बिहार के पटना में डीजी नागरिक सुरक्षा के पद पर है। उनकी एक बेटी है। उसका नाम अवनिका सिन्हा है। वही दिल्ली में ही पढ़ाई कर रही है।














