
अमृता हाट में महिलाओं ने सीखे विपणन के गुर

बीकानेर , 8 अक्टूबर। जय नारायण व्यास कॉलोनी के ग्रामीण हाट में चल रहे अमृता हाट मेले में स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को विपणन के गुर सिखाने के लिए रविवार को सैल्समेनशिप कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कृषि महाविद्यालय की अधिष्ठाता विमला डुकवाल ने कहा कि महिलाओं का स्वावलंबी होना नितांत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि एक महिला आत्मनिर्भर बनकर ही आत्मविश्वासी बन सकती है और समाज में अपनी अलग पहचान बना सकती है।
चन्द्र शेखर श्रीमाली द्वारा अपने उद्योग को बढ़ाने की जानकारी दी गई। अभिलाषा बिकोनिया द्वारा उद्यमिता सैल्समेनशिप की जानकारी दी गई। मूर्तिकार रूचिका जोशी ने कहा कि वर्तमान में तकनीक के प्रयोग और निरंतर प्रयासों से महिलाएं हर क्षेत्र में स्वयं को स्थापित कर सकती है। मेघा दुजारी , आरकेसीएल के जिला समन्वयक अधिकारी, दायित्व ने भी संबंधित विभागीय जानकारी दी।
उपनिदेशक मेघा रतन ने कार्यक्रम के बारे में बताया और महिलाओं द्वारा निर्मित उत्पादों की जानकारी दी। जिला उद्योग अधिकारी सुरेन्द्र कुमार द्वारा जिला उद्योग योजनाओ की जानकारी दी गई।
इस अवसर पर पर्यटन विभाग द्वारा कठपुतली शो व बांसुरी वादन का कार्यक्रम भी आयोजित किया गया तथा सखी संसार म्यूजिक और महिला सुरक्षा ग्रुप द्वारा म्यूजिकल संध्या की प्रस्तुति दी गई। मेले में लक्की ड्रॉ में प्रथम नीलम, द्वितीय जमना पालीवाल, तृतीय पूजा पंचारिया एवं पांच सांत्वना पुरस्कार विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम का संचालन विजयलक्ष्मी जोशी द्वारा किया गया।
सोमवार को होगा मेले का समापन
उपनिदेशक,महिला अधिकारिता ने बताया कि अमृता हाट मेले के समापन सोमवार को होगा। इस अवसर पर सांस्कृतिक संध्या में भंवई नृत्य, बृज का मयूर नृत्य व लोकगायन का आयोजन किया जाएगा तथा साथ ही सहयोग देने वाले कार्मिकों को भी पुरस्कृत किया जावेगा। मेले में अब तक 15 लाख 47 हजार रुपये से अधिक की बिक्री हुई है।
अमृता हाट में एसएचजी की महिलाओं और विभागीय अधिकारियों ने दिया मताधिकार के उपयोग का संदेश

बीकानेर, 8 अक्तूबर। जयनारायण व्यास कॉलोनी के ग्रामीण हाट में चल रहे अमृता हाट मेले के दौरान रविवार को राजीविका की स्वयं सहायता समूह की महिलाओं और विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने विधानसभा चुनाव में शत प्रतिशत मतदान का संदेश दिया।
मेले में बंधडा के श्रीराम एसएचजी और जेडी मगरा के श्री गणेश स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने मतदान से जुड़े स्लोगन लिखी तख्तियां के साथ मतदाताओं को प्रेरित किया।एसएचजी की राधा ने कहा कि लोकतंत्र के महापर्व में प्रत्येक व्यक्ति की भागीदारी जरूरी है। इसे समझते हुए प्रत्येक मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग करें। उन्होंने महिलाओं को अधिक से अधिक संख्या में मतदान का आह्वान किया। एसएचजी से जुड़ी सहोदरा और कमला ने कहा कि प्रत्येक मतदाता को स्वप्रेरित होकर मतदान करना चाहिए। लोकतंत्र को मजबूत करने में मतदान की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने कहा कि निर्वाचन कार्यालय द्वारा जागरूकता की गतिविधियां संचालित की जा रही है, लेकिन प्रत्येक मतदाता अपना दायित्व समझते हुए आगे आए। स्वीप प्रकोष्ठ के गोपाल जोशी ने बताया कि जिला निर्वाचन अधिकारी के निर्देशानुसार जागरूकता की गतिविधियां संचालित की जा रही है। निर्वाचन कार्यालय के अलावा 21 विभागों को इस मुहीम से जोड़ा गया है। उन्होंने कहा कि आगामी दिनों में निचले स्तर तक गतिविधियां बढ़ाई जाएंगी। इस दौरान एएलएमटी बजरंग जाट ने बताया कि तीन चरणों में ईवीएम वीवीपीएटी जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान विभिन्न वर्गों के लोगों तक पहुंचने का प्रयास किया गया। स्वीप के सुधीर मिश्रा ने विभिन्न मोबाइल ऐप्स और ई सर्टिफिकेट के बारे में बताया। वहीं आयुर्वेद विभाग की स्टाल में भी मतदान से जुड़ा संदेश दिया गया। विभागीय अधिकारियों ने कहा कि जिस प्रकार पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधारोपण जरूरी है, उसी प्रकार लोकतंत्र को मजबूत करने में मतदान अत्यंत जरूरी है।
सजाई मतदान की रंगोली, संभागीय आयुक्त ने स्वीप गतिविधियों को सराहा
इस दौरान स्वयंसेवी समूह की महिलाओं द्वारा मतदान की रंगोली सजाकर आमजन को मतदान के लिए प्रेरित किया गया। संभागीय आयुक्त श्रीमती उर्मिला राजोरिया ने अमृता हाट का अवलोकन किया। उन्होंने इसे महिला सशक्तिकरण की दिशा में मील का पत्थर बताया। साथ ही निर्वाचन कार्यालय द्वारा की जा रही स्वीप गतिविधियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों से अधिक से अधिक मतदाताओं तक पहुंचा जा सकेगा। इस मुहीम के बेहतर परिणाम सामने आएंगे। उन्होंने कहा कि महिलाएं आगे आकर इससे जुड़ें।
छात्राओं ने दिया मतदान का संदेश
अमृता हाट का अवलोकन करने आई विभिन्न कोचिंग और कॉलेजों की छात्राओं ने मतदान का संदेश दिया। इनमें से कुछ छात्राएं पहली बार मतदान करेंगी। उन्होंने मतदान के प्रति उत्सुकता जताई और कहा कि वे मतदान अवश्य करेंगी और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करेंगी। उन्होंने बताया कि मतदान से जुड़े आईटी टूल्स उनके लिए बेहद उपयोगी साबित हुए हैं। मतदाता सूची में नाम जुड़वाने से लेकर इससे जुड़े विभिन्न कार्य इन मोबाइल ऐप्स के कारण आसानी से हो सके।












