
बीकानेर, 13 जनवरी। राजकीय डूंगर महाविद्यालय के भूगर्भ विभाग के पूर्व विद्यार्थियों का स्नेह मिलन समारोह (एलुमनी मीट) शनिवार को महाविद्यालय के प्रताप सभागार में आयोजित किया गया। भूगर्भ विभाग एवं एलुमनी सोसायटी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस समारोह के उद्घाटन सत्र में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राजेन्द्र पुरोहित ने अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में एलुमनी मीट के आयोजन की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए पूर्व छात्र-छात्राओं को महाविद्यालय एवं विभाग के विकास में अपना योगदान देने का आह्वान किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री श्रीधर शर्मा ने पूर्व छात्रों से खनिज अन्वेषण के क्षेत्र में अत्याधुनिक तकनीक अपनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि सहायक निदेशक डॉ. इन्द्रसिंह राजपुरोहित ने भूगर्भ विभाग के साथ अपने यादगार पल साझा किए। इससे पूर्व विभागाध्यक्ष डॉ. देवेश खण्डेलवाल ने सभी अतिथियों एवं पूर्व छात्रों का स्वागत किया।
एलुमनी सोसायटी के अध्यक्ष डॉ. शिशिर शर्मा ने बताया कि इस एतिहासिक एलुमनी मीट में देश एवं विदेश से करीब 200 पूर्व विद्यार्थियों ने भौतिक एवं वर्चुअल रूप से कार्यक्रम में जुड़कर पुरानी यादें साझा की। एलुमनी मीट के दौरान भूगर्भ विभाग में पूर्व में सेवाएं दे चुके सभी शिक्षकों एवं कर्मचारियों को सोसायटी की तरफ से सम्मानित किया गया एवं विभाग के मेधावी छात्र-छात्राओं को पूर्व छात्र नवीन डूडी एवं रोहित ठाकुर की तरफ से दी जाने वाली छात्रृृतियां प्रदान की गई। विशेषज्ञों ने अपने क्षेत्र में रोजगार की संभावनाओं से वर्तमान छात्र छात्राओं को अवगत कराया एवं उनके लिए हमेशा मदद के लिए तत्पर रहने का वादा किया। एलुमनी मीट के दौरान सांस्कृतिक संध्या में पूर्व छात्रों ने अपनी प्रस्तुतियों से समां बांधा।
समारोह में महाविद्यालय के वरिष्ट संकाय सदस्य प्रो. स्मिता जैन, प्रो एम.डी. शर्मा, डॉ. एच.एस. भंडारी, डॉ. रवि परिहार, डॉ. एसके वर्मा, डॉ. सुरेन्द्र पाल मेघ, डॉ. सरोज अमेरिया, डॉ. रूपकिशोर यादव, एलुमनी सोसाइटी के सचिव डॉ देवाराम, संयुक्त सचिव श्री पन्नालाल गहलोत, डॉ विजय मटोरिया समेत बड़ी संख्या में संकाय सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अन्त में सभी आगन्तुक, पूर्व छात्रों एवं अतिथियों एवं कार्यक्रम प्रायोजकों का श्री प्रकाश गर्ग ने धन्यवाद ज्ञापित किया।














