बीकानेर, 1 फरवरी। संजय हर्ष फाउंडेशन एवं डेजर्ट शाईन क्रिकेट एकेडमी के संयुक्त तत्वावधान में धरणीधर खेल मैदान पर चल रही सब जूनियर टी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता में गुरुवार को खेले गए पहले मैच में डेजर्ट शाईन क्रिकेट एकेडमी ने डीपीआईएस एकेडमी को 63 रनों से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया। डेजर्ट शाईन क्रिकेट एकेडमी ने पहले खेलते हुए 5 विकेट खोकर 142 रन बनाए। जीत पुरोहित ने 52 और अमन व्यास ने 36 रन की पारी खेली। डीपीआईएस एकेडमी के शौर्या ने 2 विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करते हुए डीपीआईएस एकेडमी 79 रन ही बना पाई। डेजर्ट शाईन क्रिकेट एकेडमी के अक्षत रंगा ने शानदारी गेंदबाजी करते हुए 3 ओवरों में 10 रन देकर 3 विकेट लिये। ध्रुव तंवर ने 2 व राघव चूरा ने 1 विकेट लिया। अक्षत रंगा को शानदार प्रदर्शन के लिए कपिल हर्ष ने मैन ऑफ दी मैच का पुरस्कार दिया।
आयोजन से जुडे विक्रांत आचार्य ने बताया कि दूसरे मैच में आरवाईसीसी एकेडमी ने बीडीएसए एकेडमी को 91 रन से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। पहले खेलते हुए आरवाईसीसी एकेडमी ने शरद सुथार के 43 और दक्ष सेठिया के 36 रनों की बदौलत निर्धारित ओवरों में 136 रन बनाए। बीडीएसए एकेडमी के मोहम्मनद ने 3 विकेट लिए। बीडीएसए एकेडमी की पूरी टीम केवल 45 रन ही बना पाई। आरवाईसीसी एकेडमी के गुमान सिंह और वजत कादरी ने 3-3 विकेट हासिल किए। आरवाईसीसी एकेडमी के गुमान सिंह को वास्तुविद राजेश व्यास ने मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया। अम्पायर की भूमिका प्रशांत आचार्य व प्रकाश चूरा ने निभाई। शुक्रवार को पहला मैच एजी खान क्रिकेट एकेडमी और रियान क्रिेकेट एकेडमी के बीच तथा दूसरा मैच खेल सैल स्पोडर्टस एकेडमी और संजय हर्ष फाउण्डेशन के बीच खेला जाएगा।











