चिकित्सा विभाग में फेरबदल:
नयी सरकार के आते ही सभी विभागों में फेरबदल हो रहा है तो फिर हेल्थ डिपार्टमेंट में भी परिवर्तन हुआ है। बीकानेर में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) के पद पर अब डॉ. मोहित सिंह का तबादला हुआ है। वहीं जिला अस्पताल के पीएमओ पद पर डॉ. सुनील हर्ष का स्थानान्तरण किया गया है। आज ही एक ओर लिस्ट जारी हो सकती है। जिसमें कुछ परिवर्तन हो सकते हैं।

नए सीएमएचओ डॉ. मोहित सिंह
बीकानेर में वर्तमान सीएमएचओ डॉ. अबरार अहमद पंवार की जगह डॉ. मोहित सिंह को जिले की चिकित्सा व्यवस्था का जिम्मा सौंपा गया है। डॉ. अबरार के संबंध में आदेश में कोई जिक्र नहीं है। ऐसे में माना जा रहा है कि उन्हें अन्य आदेश के तहत अन्यत्र लगाया जा सकता है। वहीं ब्लॉक सीएमएचओ डॉ. सुनील हर्ष को जस्सूसर गेट स्थित जिला अस्पताल के पीएमओ की जिम्मेदारी दी गई है। वैसे बताया जा रहा है कि यहां पीएमओ के नाम से कोई पद नहीं है, बल्कि सीनियर डॉक्टर को ही इसका अतिरिक्त चार्ज दिया जाता रहा है। सरदार पटेल मेडिकल कॉलेज के अधीन काम कर रहे जिला चिकित्सालय में अब पीएमओ का नया पद भी आ सकता है। फिलहाल यहां पीएमओ की जिम्मेदारी डॉ. प्रवीण के पास है। उनका भी कहीं अन्यत्र स्थानांतरण नहीं हुआ है। शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रवीण अपने विभाग में ही काम करेंगे। हालांकि विभाग की ओर से ये स्थिति स्पष्ट नहीं की गई है।
तबादलों में केबिनेट मंत्री की चली
हेल्थ डिपार्टमेंट में ट्रांसफर को लेकर बीकानेर के विधायकों ने अलग-अलग सिफारिशें की थी लेकिन इसमें केबिनेट मंत्री सुमित गोदारा की सिफारिश को ज्यादा महत्व दिया गया है। सीएमएचओ के पद की दौड़ में डॉ. मोहित और डॉ. सुनील हर्ष दोनों ही थे लेकिन डॉ. मोहित को ये जिम्मेदारी मिली।















