प्लास्टिक के उपयोग पर नियंत्रण हम सब के साझा प्रयास से ही संभव – डॉ. अनिल शर्मा

प्लास्टिक का इस्तेमाल कम से कम करने पर ही पर्यावरण का संरक्षण संभव – सुनील बोड़ा
प्लास्टिक के इस्तेमाल को लेकर हमें स्वयं को ही जागरुक होना पड़ेगा- सीओ गंगाशहर, शालिनी बजाज
बीकानेर । प्लास्टिक का उपयोग वर्तमान समय की आवश्यकता बन गया है। इसके प्रभाव को नकारा नहीं जा सकता और इसे समाप्त करना असंभव सा प्रतीत हो रहा है ! लेकिन, इसके इस्तेमाल को कम से कम करते हुए इसके समुचित निस्तारण पर ध्यान दिया जाए तो पर्यावरण को प्रदुषित होने से बचाया जा सकता है और देश एवं दुनिया को प्रदुषण मुक्त करने में बड़ा योगदान दिया जा सकता है। इसके लिए महावीर इन्टरनेशनल के प्रयास बड़े मददगार साबित होंगे, इसमें कोई संदेह नहीं है। यह उद्गार मुख्य वक्ता स्वामी केशवानन्द राजस्थान कृषि विश्वविद्यालय, बीकानेर के पूर्व निदेशक एवं प्रोफेसर तथा ह्युमन रिसोर्स डवलपमेंट निदेशालय के निदेशक डॉ. अनिल कुमार शर्मा एवं प्रारंभिक शिक्षा निदेशक सुनील बोड़ा ने अपने उद्बोधन में व्यक्त किये। अवसर था महावीर इन्टरनेशनल केन्द्र के सेवा कार्यों के पचास साल में प्रवेश करने के उपलक्ष में मनाए जा रहे स्वर्ण जयंती वर्ष पर बुधवार को आयोजित की गई पर्यावरण जन जागरुकता रैली और पर्यावरण संरक्षण विषय पर तेरापंथ भवन में रखी गई गोष्ठी का, जहां वक्ताओं ने पर्यावरण प्रदुषण को लेकर गहन चिंतन व्यक्त करते हुए इसके उत्पादन के आरंभिक काल से लेकर वर्तमान में बढ़ते प्रभाव पर चिंता व्यक्त की, साथ ही इसके निस्तारण को लेकर हर संंभव प्रयास करने के उपाय सहित प्लास्टिक का कम से कम उपयोग किस प्रकार किया जाए?, पर अपने विचार रखे।
कार्यक्रम प्रभारी एडवोकेट वीर कन्हैयालाल बोथरा ने बताया कि कार्यक्रम के मुख्य वक्ता डॉ. अनिल शर्मा ने कहा कि भारत में प्लास्टिक के सामान की मांग बढ़ती जा रही है।आने वाले समय में प्लास्टिक के निस्तारण की भयंकर समस्या उत्पन्न होने वाली है। आज हम देख रहे हैं अपने शहर में ही जितने भी नाले हैं, इनके कारण चॉक हैं। जितनी भी सडक़ें हैं, गंदा पानी उन पर फैला है। इन सब से डिजिज फैल रही है। यह हमारे स्कीन, लंग्स और अन्य बीमारियों का कारण बन रही है। इसलिए प्लास्टिक के उपयोग पर नियंत्रण हम सब के साझा प्रयास से ही संभव है।
मुख्य वक्ता प्रारंभिक शिक्षा निदेशक सुनील बोड़ा ने कहा कि महावीर इन्टरनेशनल ने जो शुरुआत की है, वह प्रशंषा के योग्य है। केन्द्र की यह शुरुआत राज्य के पचास जिलों में रोशनी का काम करेगा। प्लास्टिक के नियंत्रण के लिए हम सब को मिलकर साझा प्रयास करने होंगे। इसके लिए सबसे जरुरी है निज पर शासन, फिर अनुशासन संभव है।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि सीओ गंगाशहर शालिनी बजाज ने कहा कि प्लास्टिक आज हमारे जीवन में इतना घुल- मिल गया है कि इससे आसानी से निजात पाना संभव नहीं है। हम देखते हैं कि गाय माता जो प्लास्टिक खाकर मर रही है। क्यों मर रही है?, क्योंकि हम प्लास्टिक की थैली में खाने-पीने की वस्तुएं लाकर इस्तेमाल करते हैं और फिर उन्हें फैंक देते हैं, वह उन्हें खाती है और वह मौत का कारण बन जाती है। आज प्लास्टिक के इस्तेमाल को लेकर हमें स्वयं को ही जागरुक होना पड़ेगा।
संगोष्ठी में महावीर इंटरनेशनल बीकानेर जोन की सचिव वीरा रेणु गुजरानी ने पर्यावरण के संरक्षण को जरुरी बताते हुए कहा कि आज के परिपेक्ष में इसके पूर्ण निस्तारण की बात संभव नहीं है। लेकिन हम जितना कम कर सकें, यह हमारे और हम सबके हित में होगा। उन्होंने महावीर इन्टरनेशनल के चारों केन्द्रों महावीर इन्टरनेशनल गंगाशहर केन्द्र, गंगाणा वीरा केन्द्र, बीकाणा वीरा केन्द्र और महावीर इंटरनेशनल बीकानेर केन्द्र के समस्त पदाधिकारियों, सदस्यों, स्कूल एवं कॉलेज के विद्यार्थियों सहित आगन्तुक अतिथियों को कपड़े की थैली इस्तेमाल करने का संकल्प भी दिलाया। संगोष्ठी में विद्या निकेतन की प्राचार्य श्रीमती अनुराधा एवं बांठिया स्कूल की जयश्री चौधरी ने भी अपना संक्षिप्त एवं सारगर्भित उद्बोधन दिया।
बीकाणा वीरा केन्द्र की मंत्री वीरा मनीषा डागा ने महावीर इन्टरनेशनल की ओर से सभी का धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम की शुरुआत मुनिश्री श्रेयांस कुमार जी ने मंगलाचरण से की, इससे पूर्व अतिथियों का स्वागत एवं सम्मान महावीर इन्टरनेशनल केन्द्र बीकानेर के अध्यक्ष वीर नरेन्द्र सुराणा, मंत्री वीर संतोष बांठिया, गंगाशहर केन्द्र के अध्यक्ष वीर टोडरमल चौपड़ा एवं उपाध्यक्ष वीर रिद्धकरण सेठिया बीकाणा वीरा केन्द्र के अध्यक्ष वीरा श्रृति बोथरा एवं मंत्री वीरा मनीषा डागा ने, डिप्टी डायरेक्टर श्रीमती भारती गहलोत का कार्यक्रम प्रभारी वीर एडवोकेट कन्हैयालाल बोथरा ने पताका पहनाकर एवं पौधा भेंट कर स्वागत एवं सम्मान किया।कार्यक्रम व्यवस्था में भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष एवं पार्षद सुमन छाजेड़ एवं शिक्षाविद् गिरीराज खेरीवाल ने सहयोग किया। कार्यक्रम समापन पर रैली और संगोष्ठी में सहयोग देने पर सभी विद्यालयों एवं महाविद्यालय के शिक्षकों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। बच्चों को अल्पहार वितरित किए गए। कार्यक्रम का सफल एवं सुगम संचालन वरिष्ठ उद्घोषक ज्योतिप्रकाश रंगा ने किया।
आकर्षण का केन्द्र बनी पर्यावरण जन जागरण रैली
महावीर इन्टरनेशनल के गंगाशहर केन्द्र, गंगाणा वीरा केन्द्र, बीकाणा वीरा केन्द्र और महावीर इंटरनेशनल बीकानेर केन्द्र के संयुक्त तत्वावधान में निकाली गई पर्यावरण जन जागरण रैली संपूर्ण गंगाशहर, भीनासर के आकर्षण का केन्द्र बनी रही। यह रैली चार अलग-अलग स्थानों से निर्धारित समय ८ बजे निकाली गई और तेरापंथ भवन में पहुंची। रैली में विद्यालयों एवं महाविद्यालय के ६०० बच्चे शामिल हुए। जिनके हाथों में पर्यावरण संरक्षण और जागरुकता के लिए अपनाए जाने वाले उपायों की जानकारी तख्तियों में दर्शायी गई। साथ ही बच्चों के हाथ में एक कपड़े की थैली हवा में लहराती और गगनभेदी नारों से गुंजायमान करती ‘कपड़े की थैली, मेरी सहेली’, ‘यूज करो भाई यूज करो कपड़े की थैली यूज करो’ का संदेश जन-जन को देती हुई मुख्य मार्गों से गुजरी, लोगों का ध्यान बरबस अपनी ओर आकर्षित कर रही थी।
जवाहर विद्या पीठ से निकाली गई रैली को जवाहर पीठ के अध्यक्ष राजकरण जी पुगलिया, मंत्री लूनकरण जी सुराणा ने, बोथरा स्कूल से निकली रैली को उद्योगपति एवं समाजसेवी हंसराज जी डागा तथा वीर नरेन्द्र जी सुराणा ने, हनुमान मंदिर प्राकृतिक चिकित्सा केन्द्र के सामने से निकली रैली को गोपीकिशन जी करनाणी ने और अरुणोदय विद्या मंदिर से निकली रैली को उद्योगपति नारायण जी गुलगुलिया ने हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। रैली में भाग लेने वाले प्रत्येक बच्चों एवं शिक्षकों को कपड़े की थैलियां महावीर इन्टरनेशनल केन्द्र की ओर से भेंट की गई।
इन विद्यालयों- महाविद्यालय के बच्चों ने निभाई सहभागिता
पर्यावरण जन जागरुकता रैली और संगोष्ठी में सेठ रावतमल बोथरा बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, सेठ शेरमल फतेहचंद डागा, राजकीय महाविद्यालय गंगाशहर, श्री गोपेश्वर विद्यापीठ, सार्थक इंटरनेशनल इंग्लिश स्कूल, बांठिया बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, हीरालाल सौभागमल रामपुरिया विद्या निकेतन, अरुणोदय विद्या मंदिर और शांति बाल निकेतन के विद्यार्थियों ने महत्वपूर्ण सहभागिता निभाई।













