Bikaner Live

मुमुक्षु सुश्री चित्रा पारख ने किया शकस्तव महाभिषेक, सांझी व मेहंदी रस्म में अश्रुधारा बही,

बंदोली निकली,जन्म दिन मनाया, वर्षीदान का वरघोड़ा व अभिनंदन कल



बीकानेर, 4 मार्च। खरतरगच्छाधिपति जिन मणिप्रभ सूरीश्वरजी, जैनाचार्य जिन मनोज सूरीश्वरजी आदिठाणा, साध्वीश्री हेमप्रभा की शिष्या कल्पलताश्रीजी म.सा. के सान्निध्य में 9 मार्च को बाड़मेर में भागवती दीक्षा ग्रहण करने वाली  सुश्री चित्रा पारख ने सपरिवार सकल श्रीसंघ के साथ नाहटा चौक के भगवान आदिनाथ मंदिर में शक स्तवन महाभिषेक किया। रांगड़ी चौक के सुगनजी महाराज के उपासरे में सांझी व मेहंदी की रस्म भक्ति गीतों के साथ हुई। सेठिया, डागा पारख चौक से कोचरों के चौक तक गाजे बाजे से बंदोली निकली। कोचरों के चौक में भक्ति संध्या हुई।
रांगड़ी चौक के सुगनजी महाराज के उपासरे से बुधवार को सुबह साढ़े आठ बजे वर्षीदान का वरघोड़ा निकलेगा जो विभ्न्नि जैन बहुल्य मोहल्लों से होते हुए कोचरों के चौक पहुंचेगा जहां सुबह ग्यारह बजे अभिनंदन व शाम को विदाई समारोह होगा। विदाई समारोह में मुंबई के श्री गौतम बारिया एण्ड पार्टी, सूरत के संवेदनाकार मोंटू भाई संयम मार्ग के भक्ति व विदाई गीत प्रस्तुत करेंगे।
कार्यक्रमों में श्री सुगनजी महाराज का उपासरा ट्रस्ट, श्री चिंतामणि जैन मंदिर प्रन्यास, श्री जैन श्वेताम्बर खरतरगच्छ संघ ट्रस्ट, श्री अखिल भारतीय खरतरगच्छ युवा परिषद,श्री जिनेश्वर युवक परिषद, श्री विचक्षण महिला मंडल व श्री कोचर मंडल व महावीर मंडल सहित विभिन्न जैन संगठनों की सक्रिय भागीदारी रही। मुमुक्षु सुश्री चित्रा पारख के पिता सुप्रसिद्ध भजन गायक व भक्तिगीत लेखक सुनील पारख ने बताया कि बाड़मेर में उनकी पुत्री के साथ सांचोर बाड़मेर की मुमुक्षु सेंजल बोथरा दीक्षा ग्रहण करेंगी। मुमुक्षु चित्रा के दीक्षा से पूर्व के मांगलिक कार्यक्रमों में हिस्सा लेने के लिए देश के विभिन्न स्थानो ंसे बड़ी संख्या में परिजन, शुभचिंतक बीकानेर पहुंचे है।
श्री चिंतामणि जैन मंदिर प्रन्यास के अध्यक्ष हरीश नाहटा ने बताया कि बीकानेर में साध्वीश्री विचक्षणश्रीजी की शिष्या साध्वी विजय प्रभा, साध्वीश्री चन्द्रप्रभा की शिष्या साध्वी प्रभंजनाश्रीजी आदिठाणा के सान्निध्य में मंगलवार को नाहटा चौक के भगवान आदिनाथ मंदिर में शक स्तवन महाभिषेक हुआ। महाभिषेक के दौरान व रांगड़ी चौक के सुगनजी महाराज के उपासरे में हुए सांझी व मेहंदी कार्यक्रम में सुनील पारख, हर्षिल पारख, सुरेन्द्र पारख व फलोदी की बाल कलाकार कोमल गुलेच्छा ने परमात्म भक्ति और संयम मार्ग के गीत गाकर श्रावक-श्राविकाओं को भक्ति रस से सराबोर कर दिया। अनेक श्रावक-श्राविकाओं ने नृत्य किया तथा मुमुक्षु चित्रा के संयम मार्ग चुनने की अनुमोदना की।
श्री सुगनजी महाराज का उपासरा ट्रस्ट के मंत्री रतन लाल नाहटा व श्री अखिल भारतीय खरतरगच्छ युवा परिषद,की बीकानेर शाखा के अध्यक्ष अनिल सुराणा ने बताया कि उपासरे में सांझी व मेहंदी कार्यक्रम में सुश्री कोमल गुलेच्छा के गाये ’वीरती राग’’ के गीत पर श्रावक-श्राविकाओं की अश्रु धारा बह गई। कोमल ने ’’मेहंदी राचण लागी संयम रे नाम री’’, म्हैतो सासरिये कोनी जाऊ म्हारी मां, म्हारो मन लाग्यो संयम में’’, तथा मुमुक्षु के माता पिता को समर्पित गीतों को राजस्थानी, हिन्दी व गुजराती में गाकर उपस्थित श्रावक-श्राविकाओं को भाव विभोर कर दिया। बालिकाओं ने डांडिया नृत्य की भी प्रस्तुति दी।
बाडमेर में मांगलिक कार्यक्रम 7 से 9 मार्च तक
जैन श्वेताम्बर खरतरगच्छ संघ की राजधानी कहे जाने वाले बाड़मेर में एम.कॉम तक शिक्षित मुमुक्षु सुश्री चित्रा पारख व सेंजल बोथरा का तीन दिवसीय प्रवज्या महोत्सव खरतरगच्छाधिपति जिन मणिप्रभ सूरीश्वरजी महाराज, मुनि व साध्वीवृंद के सान्निध्य में शुरू होगा। फाल्गुन सुदी अष्टमी 7 मार्च को हल्दी रस्म एवं कपड़े रंगाई सुबह साढ़े दस बजे, वर्षीदान यात्रा सुबह साढ़े आठ बजे व विरति पल यानि दीक्षा समारोह 9 मार्च फाल्गुन सदी दसमी को होंगे।
जन्म दिन मनाया
मुमुक्षु सुश्री चित्रा पारख का जन्म दिन शनिवार को सेठिया, डागा पारख चौक के महावीर भवन में उल्लास के साथ मनाया गया। सुश्री चित्रा का जन्म 13 मार्च 1997 को बीकानेर में हुआ था। तिथि के हिसाब से मनाए गए जन्मोत्सव में बड़ी संख्या में उनके परिजनों व शुभ चिंतकों ने मंगल भावनाएं व्यक्त की।

Picture of Gordhan Soni

Gordhan Soni

खबर

http://

Related Post

error: Content is protected !!