रघुनाथसर कुआं स्थित आदर्श विद्या मंदिर में शनिवार को अभिभावक सम्मेलन का आयोजन किया गया। प्रधानाचार्य घनश्याम व्यास ने बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस दौरान आदर्श शिक्षण संस्थान के मंत्री अमोलक राम ज्याणी, एमएस कॉलेज के पूर्व प्राचार्य डॉ. उमाकांत गुप्त, विद्यालय प्रबंधन समिति के संरक्षक कालूराम उपाध्याय, व्यवस्थापक श्रीवल्लभ पुरोहित तथा सदस्य बुंदेल सिंह और रामकुमार पुरोहित अतिथि के रूप में मौजूद रहे। पूजा ने एकल गीत की प्रस्तुति दी। अमोलक राम ज्याणी ने विद्या भारती के विद्यालयों की आवश्यकता तथा बच्चों के सर्वांगीण विकास पर अपनी बात रखी। डॉ. उमाकांत गुप्त ने सप्ताह में एक दिन डिजिटल उपवास रखते हुए बच्चों को मोबाइल से दूर रखने और इससे होने वाले दुष्प्रभावों के बारे में प्रेरित करने का आह्वान किया। इस दौरान बस्ता और गणवेश प्रतियोगिता, गणित प्रदर्शन और संस्कृति ज्ञान परीक्षा में उत्कृष्ट परिणाम देने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार दिए गए। विद्यालय प्रबंधन समिति के व्यवस्थापक श्रीवल्लभ पुरोहित ने आभार जताया।













