Bikaner Live

बलूचिस्तान की आजादी की उम्मीद को नई उड़ान, भारतीय मुद्राशास्त्री ने तैयार किए नए सिक्कों के डिज़ाइन

कश्मीर के पहलगाम में हुए हालिया आतंकी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के संबंधों में तनाव गहराता जा रहा है। भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ कई सख्त कदम उठाए हैं। इसी बीच पाकिस्तान के अशांत प्रांत बलूचिस्तान, जो वर्षों से अपनी आजादी की मांग करता रहा है, एक बार फिर वैश्विक चर्चाओं में है।

बलूचिस्तान की आजादी की मांग को लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी चर्चाएं तेज हो रही हैं। माना जा रहा है कि भारत इस बार बलूचिस्तान को पाकिस्तान से अलग कर स्वतंत्र राष्ट्र बनाने की दिशा में निर्णायक भूमिका निभा सकता है। भारत के रुख से बलूचिस्तान के नागरिकों को भी अपनी आजादी की उम्मीदें फिर से जागती दिखाई दे रही हैं।

इस संदर्भ में सिक्को और करेंसी नोटों का का संग्रह करने वाले देश के प्रसिद्ध मुद्राशास्त्री बीकानेर के सुधीर लुणावत ने “आजाद बलूचिस्तान” के लिए विशेष रूप से सिक्कों की डिजाइन तैयार की है। उन्होंने 1, 2, 5 और 10 के चार मूल्यवर्गों के सिक्कों का डिज़ाइन बनाया है। इन सिक्कों के एक ओर आजाद बलूचिस्तान का नक्शा और झंडा दिखाया गया है, जिसके साथ अंग्रेजी में Republic of Baluchistan लिखा गया है। वहीं दूसरी ओर बलूचिस्तान की ऐतिहासिक इमारतें और सांस्कृतिक धरोहरें उकेरी गई हैं।

सुधीर लुणावत का कहना है कि यदि बलूचिस्तान एक स्वतंत्र राष्ट्र बनता है, तो भारत को एक मित्रवत विकासशील देश होने के नाते उसे सिक्के और करेंसी नोट की छपाई में सहयोग देना चाहिए। उन्होंने इस संबंध में भारत सरकार के वित्त मंत्रालय और ‘भारतीय प्रतिभूति मुद्रण तथा मुद्रा निर्माण निगम लिमिटेड’ के निदेशक को भी ये डिजाइनें भेजी हैं।

Picture of दिलीप गुप्ता

दिलीप गुप्ता

खबर

Related Post

error: Content is protected !!