


























अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर तेयुप गंगाशहर द्वारा “योगा से होगा 2.0” का सफल आयोजन
बीकानेर/गंगाशहर, 21 जून 2025
अखिल भारतीय तेरापंथ युवक परिषद के “फिट युवा हिट युवा” आयाम के अंतर्गत आज अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के पावन अवसर पर तेरापंथ युवक परिषद गंगाशहर द्वारा “योगा से होगा 2.0” का भव्य आयोजन दो स्थानों – बोथरा भवन एवं महिला मंडल भवन में किया गया। बोथरा भवन में यह आयोजन युगप्रधान आचार्य श्री महाश्रमण जी के आज्ञानुवर्ती उग्र विहारी तपोमूर्ति मुनिश्री कमल कुमार जी एवं मुनिश्री श्रेयांश कुमार जी के पावन सान्निध्य में हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत मुनिश्री कमल कुमार जी के मंगल पाठ एवं प्रेरणाप्रद उद्बोधन से हुई। उन्होंने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा, “स्वस्थ शरीर ही जीवन की सच्ची संपत्ति है। योग को जीवन का आधार बनाकर ही हम तन-मन को संतुलित एवं सफल जीवन की दिशा में अग्रसर हो सकते हैं।” योग प्रशिक्षक जेठाराम जी द्वारा योग के प्रभावी प्रयोग करवाए गए, जिसमें अच्छी संख्या में श्रावकगण, तेयुप व किशोर मंडल के कार्यकर्ता, एवं सभी संघीय संस्थाओं के पदाधिकारी/कार्यकर्ता शामिल हुए। महिला मंडल भवन में सुश्री सुधा चौधरी, श्रीमती सुधा बोथरा एवं श्रीमती सीमा बोथरा द्वारा महिलाओं व कन्याओं को सरल और प्रभावी योगाभ्यास करवाया गया। फिट युवा हिट युवा के गंगाशहर प्रभारी गौतम चौपड़ा ने बताया कि सुबह 5:15 बजे से ही अच्छी संख्या में समाज जन उपस्थित रहे और सभी ने योग में सक्रिय भागीदारी निभाई। फिट युवा हिट युवा के सहप्रभारी धीरज जैन ने सभी से आग्रह किया कि योग को केवल एक दिवस का आयोजन न मानते हुए इसे दैनिक जीवन में अपनाएं।
तेयुप मंत्री मांगीलाल बोथरा ने जानकारी दी कि दोनों स्थानों पर एक साथ योग शिविरों का सफल आयोजन सभी के सामूहिक सहयोग से संभव हुआ। उन्होंने बताया कि तेयुप गंगाशहर सेवा, संस्कार एवं संगठन के त्रिआयामी उद्देश्यों के साथ नित्य नए सामाजिक व आध्यात्मिक आयोजनों के माध्यम से राष्ट्रीय स्तर पर अपनी सशक्त पहचान रखती है।
संगठन मंत्री रोहित बैद ने बताया कि कार्यक्रम के आयोजन में व्यवस्था आदि में किशोर मंडल संयोजक हिमांशु सिंगी, सहसंयोजक मयंक सिंगी सहित पूरी किशोर मंडल का विशेष श्रम रहा।
कार्यक्रम में अखिल भारतीय तेरापंथ युवक परिषद के फिट युवा हिट युवा के थली राजस्थान के राज्य प्रभारी एवं तेयुप गंगाशहर के अध्यक्ष ललित राखेचा ने सभी सहयोगियों, प्रशिक्षकों, सहभागियों एवं साधु-साध्वियों का हृदयपूर्वक आभार व्यक्त किया।
अंत में बोथरा भवन में मुनि श्री श्रेयांश कुमार जी एवं महिला मंडल भवन में साध्वी श्री विशदप्रज्ञा जी के मंगल पाठ के साथ कार्यक्रम का विधिवत समापन हुआ।













