Bikaner Live

अपर मंडल रेल प्रबंधक बीकानेर, द्वारा सूरतगढ़ व अनूपगढ़ स्टेशनों  का दौरा



बुधवार को अपर मंडल
रेल प्रबंधक बीकानेर द्वारा  अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत उत्तर- पश्चिम रेलवे के सूरतगढ़ स्टेशन पर 20.39 करोड़ की लागत से हो रहे  पुनर्विकास कार्यों का निरीक्षण किया। अपर मंडल रेल प्रबंधक रूपेश कुमार ने बताया कि स्टेशन का पुनर्विकास कार्य तीव्र गति से चल रहा है, इसके अंतर्गत स्टेशन भवन के समरूप में बड़े स्तर पर  सुधार कार्य, स्टेशन की ओर आने-जाने वाले मार्ग में प्रवेश और निकास के लिए अलग-अलग प्रावधान का कार्य, बाउंड्री वॉल, सर्कुलेटिंग एरिया में सौंदर्य करण, दोपहिया, चौपहिया
वाहनों के लिए अलग-अलग पार्किंग सुविधा, बुकिंग ऑफिस रिटायरिंग रूम आदि में सुधार, नए टॉयलेट ब्लॉक्स  का कार्य किया जाएगा।
अपर मंडल रेल प्रबंधक ने बताया कि स्टेशन का लगभग 98 प्रतिशत  से अधिक कार्य हो चुका है। अपर मंडल रेल प्रबंधक रूपेश कुमार ने बताया कि सूरतगढ़ स्टेशन पर 9.96 करोड रुपए की लागत से 12 मीटर चौड़ा फुट ओवरब्रिज भी बनाया जा रहा है।
साथ ही सूरतगढ़ स्टेशन पर हरित ऊर्जा उत्पादन के लिए लगभग 18 लाख रुपए की लागत से 40 किलोवाट का सोलर प्लांट भी लगाया गया है।

निरीक्षण के उपरांत अपर मंडल रेल प्रबंधक  रूपेश कुमार ने रनिंग स्टाफ के साथ मीटिंग ली एवं SPAD(SIGNAL PASSED AT DANGER)अर्थात लाल सिग्नल को पार नहीं करें एवं संरक्षा को सर्वोपरि मानते हुए गाड़ियों का संचालन करने हेतु  विशेष निर्देश दिए।संरक्षा को लेकर अधिकारियों एवं कर्मचारियों  के साथ काउंसलिंग की।इस सम्बंध में अधिकारियों को आवश्यक दिशा- निर्देश दिए।

अपर मंडल रेल प्रबंधक ने अपने दौरे में अनूपगढ़ स्टेशन पर 14.18 करोड़ की लागत से हो रहे पुनर्विकास कार्यों का निरीक्षण किया।
अपर मंडल रेल प्रबंधक ने बताया कि स्टेशन पर होने वाले कार्य का लगभग 15% कार्य पूर्ण हो चुका है , शेष कार्य तीव्र गति से पूरा किया जाएगा ।

मंडल रेल प्रबंधक ने प्लेटफॉर्म, सर्कुलेटिंग एरिया, स्टेशन कक्ष, बुकिंग ऑफिस आदि का निरीक्षण किया एवं अधिकारियों  को उचित दिशा- निर्देश दिए ।

मंडल रेल प्रबंधक  ने बताया कि उपरोक्त कार्यो के अलावा सौंदर्य वर्धन के लिए एलईडी लाइटिंग, दीवारों पर आर्टवर्क भी किया जायेगा , स्टेशन के पुनर्विकास में स्थानीय कला एवं संस्कृति का  समावेश भी किया जाएगा।
इन सभी सुविधाओं का दिव्यांगजनों तक पहुंच बनाने के लिए उपयुक्त साइनेज भी लगाया जाएगा।  इसके अलावा यात्री सूचना प्रणाली में सुधार हेतु के कोच गाइडेंस डिस्प्ले बोर्ड, मल्टीलाइन डिस्पले बोर्ड्स, सिंगल लाइन डिस्प्ले बोर्ड, पब्लिक एड्रेस सिस्टम, बड़े एलइडी स्क्रीन्स तथा जीपीएस आधारित डिजिटल क्लॉक भी लगाया जाएगा। 

अपर मंडल रेल प्रबंधक रूपेश कुमार ने बताया कि अमृत भारत  स्टेशन योजना के तहत स्टेशनों के पुनर्विकसित होने से यात्रियों को आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी,आवागमन सुगम होगा एवं व्यापारी वर्ग भी लाभान्वित होगा।
स्टेशन के पुनर्विकास से स्थानीय कारीगर एवं मजदूरों को रोजगार मिला है जिससे उनकी आय बढ़ी है।
अपर मंडल रेल प्रबंधक ने बताया कि स्टेशनों के पुनर्विकसित होने से पर्यटन,स्थानीय हस्तशिल्प कला आदि को बढ़ावा मिलेगा जिससे क्षेत्र की लोकप्रियता बढ़ेगी एवं साथ रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।
इस प्रकार स्टेशन के पुनर्विकास से क्षेत्र का आर्थिक और सामाजिक विकास भी होगा।

अपर मंडल रेल प्रबन्धक रूपेश कुमार के इस दौरे में सीनियर डीएसटीई ललित कुमार, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (पश्चिम) एन के शर्मा, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर विद्युत(सामान्य) आदित्य लेघा, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (c&w)राहुल गर्ग,वाणिज्य निरीक्षक रोहित कुमार सहित रेलवे के अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Picture of Gordhan Soni

Gordhan Soni

खबर

http://

Related Post

error: Content is protected !!