
बीकानेर, 21 सितम्बर। गणिवर्य मेहुल प्रभ सागर के जन्म दिन व बीकानेर की साध्वी दीपमाला के 15 दिन की तपस्या के अनुमोदनार्थ रविवार को आसानियों के चौक के सूरज भवन में ’’तप, त्याग की संगीतमाला’’ कार्यक्रम तथा महावीर भवन में सामूहिक दीपक एकासना का आयोजन हुआ। बच्छावतों के मोहल्ले के वासुपुज्य स्वामी मंदिर में सोमवार को सुबह 18 अभिषेक गणिवर्य, मुनि व साध्वीवृंद के सान्निध्य में होगा।
खरतरगच्छ युवा परिषद के अध्यक्ष अनिल सुराणा ने बताया कि साध्वीश्री दीपमाला श्रीजी के 15 दिन की तपस्या के अनुमोदनार्थ आयोजित संगीतमाला में खरतरगच्छ युवा परिषद, महिला परिषद व ज्ञान वाटिका तथा साध्वीजी के सांसारिक परिजनों के संयुक्त तत्वावधान में हुआ। इसमें मुंबई के कलाकार प्रदीप
गेमावत व पार्टी के साथ बीकानेर के वरिष्ठ गायक सुनील पारख व अरिहंत नाहटा ने गुरु भक्ति व तपस्या के अनुमोदनार्थ गीतों की प्रस्तुतियां दी। ’’ तस्मैं श्री गुरुवे नमः’, ’’जिनवर के बाद गुरुवर तेरा नाम लेता हूं’’, ’’गुरु जी हमारो अंतर नाद’’, ’’आदिनाथ की जय-जयकार’’, ’’सांझ सवेरे तेरा नाम पुकारू’’, ’हंसता हुआ मेरे गुरु का चेहरा’’, ’’जय गुरुवरा, जय-जय गुरुवरा’’ ’तपस्वी गुरु ने खम्मा-खम्मा’’ ’’तेरा जन्म खुशियों का उपहार है’ आदि गीतों के साथ श्रावक-श्राविकाओं ने स्वर मिलाते हुए साथ दिया।
उन्होंने बताया कि खरतरगच्छ युवा परिषद, महिला परिषद व ज्ञान वाटिका की ओर से गणिवर्य मेहुल प्रभ सागर म.सा. के जीवन पर आधारित फोटो की प्रदर्शनी लगाई गई। ज्ञान वाटिका के बच्चों ने गणिवर्य की जीवन यात्रा संबंधित नाटक की प्रस्तुति दी। साध्वीश्री शंखनिधि ने बीकानेर मूल की साध्वी दीपमाला म.सा. की दीक्षा, त्याग व तप की जानकारी दी।
श्रीमती खुशबू जयंत कोचर व ज्ञान वाटिका की प्रभारी श्रीमती सुनीता नाहटा के द्वारा लिखित व निर्देशित नाटक में बालक गौतम से गणिवर्य मेहुल प्रभ सागर बनने तक के सफर को प्रभावी ढंग से प्रदर्शित किया गया। इसमें आकाश जैन, हर्षित सेठिया, यश सेठिया, तनिषा सेठिया, खुशबू जैन, हर्षिता जैन, जिनिषा नाहटा, कुश नाहटा, साक्षी सेठिया, भूमि जैन, दर्शन सेठिया व जैनम नाहटा ने विभिन्न पात्रों का किरदार निभाया। खरतरगच्छ युवा परिषद के सचिव विक्रम भुगड़ी ने आयोजन के महत्व के बारे में बताया।
खरतरगच्छ महिला परिषद की अध्यक्ष मनीषा खजांची व उपाध्यक्ष सुशीला धारिवाल ने बताया कि साध्वीश्री दीपमाला की तपस्या के अनुमोदनार्थ 23 सितम्बर मंगलवार को रांगड़ी चौक के सुगनजी महाराज के उपासरे में सांझी का आयोजन होगा। बुधवार 24 सितम्बर को डागा, सेठिया, पारख मोहल्ले के महावीर भवन से सुबह साढ़े सात बजे ’’वरघोड़ा’’ (शोभायात्रा) निकलेगी, जो विभिन्न मोहल्लों में होते हुए रांगड़ी चौक के सुगनजी महाराज के उपासरे में पहुंचकर संपन्न होगी।














