
बीकानेर। श्री मैढ़ क्षत्रिय स्वर्णकार समाज सेवा संस्था, बीकानेर द्वारा आगामी 5 अक्टूबर, 2025 को आयोजित किए जाने वाले वार्षिक प्रतिभा सम्मान समारोह के लिए आज आवेदन की अंतिम तिथि पर अभूतपूर्व उत्साह देखने को मिला। समाज के विद्यार्थियों, प्रतिभाशाली युवाओं और अभिभावकों ने बड़ी संख्या में आवेदन प्रस्तुत किए।
संस्था के अध्यक्ष श्री मनीष लाम्बा ने बताया कि संस्था सदैव समाज की उन्नति और शिक्षा के क्षेत्र में नई ऊँचाइयों को छूने के लिए प्रेरित करती रही है। इस वर्ष आवेदन की अंतिम तिथि 25 सितंबर थी मगर लोगों के रुझान और मांग को देखते हुए इसे बढ़ाकर 27 सितम्बर, 2025 कर दिया गया था। जिस तरह आवेदन पत्रों की प्राप्ति हुई है, उससे यह स्पष्ट है कि समाज में शिक्षा और प्रतिभा के साथ साथ जागरूकता भी लगातार बढ़ रही है।
संस्था के सदस्य श्रवण कूकरा ने बताया कि यह सम्मान समारोह समाज के मेधावी विद्यार्थियों और प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देने का एक सशक्त मंच है।
एक और प्रमुख सदस्य अशोक डांवर ने बताया कि समाज के हर वर्ग से बच्चों और युवाओं की भागीदारी यह संदेश देती है कि आने वाली पीढ़ी शिक्षा और कौशल के प्रति सजग है। संस्था का उद्देश्य समाज के हर उस प्रतिभावान को आगे लाना है, जिसने अपनी लगन और मेहनत से एक मिसाल कायम की है।
अध्यक्ष मनीष लाम्बा ने आगे कहा कि समारोह में न केवल शैक्षणिक क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा, बल्कि खेल, कला, संस्कृति और सामाजिक सेवा में उल्लेखनीय कार्य करने वाली प्रतिभाओं को भी मंच पर सम्मान मिलेगा।
संस्था के शिव जौड़ा ने बताया कि आवेदन की भारी संख्या को देखते हुए चयन समिति को भी कार्य के प्रति अतिरिक्त मेहनत करनी पड़ेगी। निष्पक्ष और पारदर्शी प्रक्रिया के माध्यम से योग्य प्रतिभाओं का चयन किया जाएगा।
संस्था ने समाज के सभी वर्गों से अपील की है कि वे इस आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर प्रतिभाओं का उत्साहवर्धन करें।
अध्यक्ष मनीष लाम्बा ने कहा कि संस्था परिवार का मानना है कि ऐसे आयोजनों से न केवल विद्यार्थियों का आत्मविश्वास बढ़ता है, बल्कि पूरे समाज में शिक्षा, संस्कार और सेवा की भावना को भी नया आयाम मिलता है।














