
बीकानेर। शहर की सार्दुलगंज कॉलोनी में मकान पर फायरिंग के सनसनीखेज मामले में बीकानेर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने इस वारदात में शामिल 25 हजार रुपये के इनामी सहित दो आरोपियों को हरियाणा के महेन्द्रगढ़ से गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई आरएसटी, डीएसटी एवं पुलिस थाना सदर, जिला बीकानेर की संयुक्त टीम द्वारा की गई।
पुलिस के अनुसार 10 सितंबर 2025 को सार्दुलगंज कॉलोनी में परिवादी के मकान पर अज्ञात बदमाशों ने फायरिंग कर दहशत फैलाने की कोशिश की थी। घटना की गंभीरता को देखते हुए महानिरीक्षक पुलिस बीकानेर रेंज हेमंत शर्मा, जिला पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) चक्रवर्ती सिंह के निर्देश पर मामले के शीघ्र खुलासे के आदेश दिए गए।
इन निर्देशों की पालना में सहायक पुलिस अधीक्षक वृत्त सदर अनुष्ठा कालिया के सुपरविजन में थानाधिकारी पुलिस थाना सदर सुरेन्द्र पचार तथा जिला स्पेशल टीम ने लगातार तकनीकी साधनों, मुखबिर तंत्र और आसूचना संकलन के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की। कड़ी मेहनत के बाद जिला स्पेशल टीम ने पुलिस निरीक्षक विश्वजीत सिंह के नेतृत्व में फायरिंग की घटना में शामिल आरोपी संजय नायक और उसके सहयोगी सुनील को महेन्द्रगढ़ (हरियाणा) से दस्तयाब कर गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संजय पुत्र राजेन्द्र नायक (26) और सुनील पुत्र राजेन्द्र नायक (34), निवासी बडोपल, थाना सदर फतेहाबाद, जिला फतेहाबाद (हरियाणा) के रूप में हुई है। संजय नायक पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
पुलिस ने बताया कि इस प्रकरण में इससे पूर्व फायरिंग के दौरान मोटरसाइकिल चला रहे आरोपी विक्की, उसके साथी रमनदीप तथा एक अन्य आरोपी शिवसिंह भलूरी को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। वर्तमान में गिरफ्तार आरोपियों से फायरिंग की घटना में शामिल अन्य व्यक्तियों के बारे में गहन पूछताछ की जा रही है, ताकि पूरे नेटवर्क का खुलासा कर शेष आरोपियों को भी शीघ्र गिरफ्तार किया जा सके।
इस पूरे प्रकरण के खुलासे में पुलिस थाना सदर, जिला स्पेशल टीम और रेंज स्पेशल टीम बीकानेर के अधिकारियों एवं जवानों की अहम भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि अभियोग में अनुसंधान जारी है और अपराध में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।












