
जनविरोधी नीतियों के खिलाफ राजस्थान में तेज होगा आंदोलन : सत्यनारायण देवड़ा
बीकानेर। आम आदमी पार्टी आगामी निकाय चुनाव में सभी सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारने जा रही है। इसको लेकर पार्टी ने चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। मंगलवार को बीकानेर के जस्सूसर गेट के बाहर स्थित जीनगर भवन में आयोजित प्रेस वार्ता में आम आदमी पार्टी के जिला अध्यक्ष सत्यनारायण देवड़ा ने यह घोषणा की।
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए देवड़ा ने कहा कि राजस्थान में वर्तमान सरकार की नीतियां पूरी तरह से जनविरोधी हैं, जिससे आम जनता का लगातार शोषण हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि जनता की बुनियादी समस्याओं की ओर सरकार का कोई ध्यान नहीं है। देवड़ा ने कहा कि जिस प्रकार दिल्ली में जनता ने भाजपा पर भरोसा जताया था, आज वहां की जनता अपने फैसले पर अफसोस कर रही है। भाजपा सरकारें जनता के हितों की अनदेखी कर रही हैं, जिसे आम आदमी पार्टी अब किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी।
उन्होंने बीकानेर की स्थानीय समस्याओं का जिक्र करते हुए कहा कि शहर की सड़कों की हालत बेहद खराब है, जिससे आमजन को आए दिन परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। रेलवे क्रॉसिंग की समस्या लंबे समय से बनी हुई है, जिससे यातायात बाधित होता है और जनता को घंटों जाम में फंसना पड़ता है। इसके अलावा सरकारी कार्यालयों में व्याप्त भ्रष्टाचार ने आम आदमी का जीना मुश्किल कर दिया है।
सत्यनारायण देवड़ा ने कहा कि देश के विभिन्न राज्यों की तरह राजस्थान में भी आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में पार्टी ने परिवर्तन का बिगुल बजा दिया है। आने वाले दिनों में राजस्थान भर में पार्टी के विभिन्न कार्यक्रम और जनआंदोलन प्रस्तावित हैं, जिनके माध्यम से जनता को जागरूक किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि पार्टी कार्यकर्ता पूरी मजबूती के साथ निकाय चुनाव की तैयारियों में जुटे हुए हैं और आम जनता के मुद्दों को लेकर चुनाव मैदान में उतरेंगे। आम आदमी पार्टी का लक्ष्य जनता को एक ईमानदार, पारदर्शी और जवाबदेह विकल्प देना है।
प्रेस वार्ता के दौरान पार्टी के कई वरिष्ठ कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे, जिनमें श्रवण डोगीवाल, छगन लाल पंवार, मोहन सिंह राठोड़, भंवरलाल, संजयपाल, दिनेश लखोटिया, प्रो. सलवीर समेजा, वाजिद खान, अहमद कलर, समीर सहित अन्य कार्यकर्ता शामिल थे।











