Bikaner Live

बीकानेर नगर स्थापना दिवस समोराहः 15 से आयोजित होंगी विभिन्न गतिविधियां, तैयारी बैठक आयोजित
soni

बीकानेर नगर स्थापना दिवस समोराहः 15 से आयोजित होंगी विभिन्न गतिविधियां, तैयारी बैठक आयोजित

बीकानेर, 9 अप्रैल। बीकानेर नगर के स्थापना दिवस के अवसर पर विभिन्न संस्थाओं द्वारा 15 से 19 अप्रैल तक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसकी तैयारियों से संबंधित बैठक गुरुवार को अतिरिक्त कलक्टर (नगर) रमेश देव की अध्यक्षता में हुई। उन्होंने बताया कि राव बीकाजी संस्थान, लक्ष्मीनाथ मंदिर पर्यावरण विकास समिति एवं नगर थरपणा उछब समिति द्वारा विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन होगा।

राव बीकाजी संस्थान द्वारा 15 से 17 अप्रैल तक महारानी सुदर्शन कला दीर्घा में एंटीक्स प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इसी श्रृंखला में 16 अप्रैल को महिला मण्डल स्कूल हाँल में सायं 6 बजे लोकगीत परम्परा गायन, 17 अप्रैल को चौपाटी परिसर में सायं 6 बजे त्रिभाषा काव्य संगम, 18 अप्रैल को प्रातः 11 बजे होटल लक्ष्मी निवास पैलेस में विचार गोष्ठी, 19 अप्रैल को प्रातः 7 बजे राव बीकाजी प्रतिमा स्थल जूनागढ़ के पास राव बीकाजी प्रतिमा पूजन एवं सम्मान समारोह से राव बीकाजी प्रतिमा स्थल पर मुख्य समारोह आयोजित किया जाएगा।

लक्ष्मीनाथ मंदिर पर्यावरण विकास समिति द्वारा 16 अप्रैल को लक्ष्मीनाथ मंदिर में चंदा महोत्सव तथा 17 अप्रैल को सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया जाएगा।

नगर थपरणा उछब समिति द्वारा 17 अप्रैल को लक्ष्मीनाथ मंदिर में गढ़ गणेश मंदिर पूजन और बारह गुवाड़ में सांस्कृतिक कार्यक्रम और कवि सम्मेलन, 18 को धरणीधर मैदान में चंदा महोत्सव तथा जस्सूसर गेट के अंदर दीपदान का कार्यक्रम किया जाएगा।

इसी श्रृंखला में देवस्थान विभाग द्वारा बीकानेर स्थापना दिवस पर लक्ष्मीनाथ मंदिर एवं देशनोक स्थित करणी माता मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना एवं प्रसाद वितरण कार्यक्रम किया जाएगा।

अतिरिक्त जिला कलक्टर ने कहा कि नगर स्थापना दिवस से जुड़े कार्यक्रम पूरे उत्साह के साथ मनाए जाएं। इनमें अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी के प्रयास किए जाएं। उन्होंने नगर निगम को कार्यक्रम स्थलों पर साफ-सफाई, पुलिस विभाग को सुरक्षा सहित संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।

बैठक में बीकानेर विकास प्राधिकरण के सचिव कुलराज मीणा, नगर निगम राजस्व अधिकारी प्रगति सोलंकी, देवस्थान विभाग सहायक आयुक्त गौरव सोनी, राव बीकाजी संस्थान से नरेन्द्र सिंह स्याणी, राजेन्द्र जोशी, कमल रंगा, अजीज भुट्टा, नगर थरपणा उछब समिति से दीपक पारीक और आशा आचार्य, लक्ष्मीनाथ मंदिर पर्यावरण समिति से सीताराम कच्छावा, कलेक्ट्रेट के प्रशासनिक अधिकारी संजय पुरोहित आदि मौजूद रहे।

Picture of Prakash Samsukha

Prakash Samsukha

खबर

Related Post

error: Content is protected !!