

निगम और चिकित्सा विभाग की टीमों को अभी से फॉगिंग एवं एंटी-लार्वा कार्य तेज करने के दिए निर्देश
*जिला कलेक्टर की अध्यक्षता में हुई जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक*
*जिले को स्वास्थ्य सूचकांकों में अग्रणी बनाने के जिला कलेक्टर ने दिए निर्देश*
*एनीमिया व टीबी मुक्त अभियान को गति देने के निर्देश*
*सभी ब्लॉकों पर सिजेरियन डिलीवरी की व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश*
बीकानेर, 10 अप्रैल। जिला स्वास्थ्य समिति (डीएचएस) की महत्वपूर्ण बैठक शुक्रवार देर शाम को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला कलेक्टर श्री निशांत जैन की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक के दौरान जिला कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि बीकानेर जिले को स्वास्थ्य सूचकांकों के सभी मानकों पर प्रदेश में अग्रणी बनाए रखा जाए। बैठक में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के जिला एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारी तथा विभिन्न चिकित्सा संस्थानों के प्रभारी उपस्थित रहे।
*डेंगू और मलेरिया के प्रभावी नियंत्रण के निर्देश*
मौसमी बीमारियों की समीक्षा करते हुए जिला कलेक्टर ने कहा कि इस साल डेंगू और मलेरिया के मरीजों की संख्या अत्यंत कम होनी चाहिए। इनके नियंत्रण को लेकर फील्ड स्तर पर तत्काल गतिविधियां शुरू करने के निर्देश नगर निगम और चिकित्सा विभाग की टीमों को दिए। जिला कलेक्टर ने नगर निगम एवं पंचायतों को फॉगिंग एवं एंटी-लार्वा कार्य तेज करने तथा चिकित्सा विभाग को घर-घर सर्वे करने के लिए कहा गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि एक भी केस मिलने पर संबंधित क्षेत्र में तुरंत प्रभावी नियंत्रण उपाय लागू किए जाएं।
*सभी ब्लॉक में मंडे मीटिंग के साथ होगी ब्लॉक स्तरीय टास्क फोर्स की बैठक*
जिला कलेक्टर ने कहा कि जिले के सभी एसडीएम ब्लॉक में होने वाली मंडे मीटिंग में ही चिकित्सा विभाग से जुड़ी ब्लॉक स्तरीय टास्क फोर्स की बैठक लें। उन्होंने मुख्यमंत्री निशुल्क निरोगी राजस्थान दवा योजना की समीक्षा करते हुए सभी चिकित्सा संस्थानों में दवाइयों की शत-प्रतिशत उपलब्धता एवं रिपोर्टिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उल्लेखनीय है कि जिला गत चार वर्ष से लगातार राज्य स्तर पर प्रथम स्थान पर काबिज है।
*मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य योजना के अंतर्गत अधिक से अधिक पैकेज बुक करें*
बैठक में जिला कलेक्टर ने निर्देश दिए कि प्रत्येक चिकित्सा संस्थान में इस माह राजस्थान मेडिकल रिलीफ सोसाइटी (आरएमआरएस) की बैठक आयोजित कर आवश्यक संसाधनों की वित्तीय स्वीकृति प्राप्त की जाए। मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य योजना के अंतर्गत अधिक से अधिक पैकेज बुक कर आमजन को लाभ देने तथा टीआईडी जनरेट करने के निर्देश भी दिए गए।
*उपलब्ध उपकरणों का 13 अप्रैल तक ई उपकरण पोर्टल पर पंजीकरण करें सुनिश्चित*
जिला कलेक्टर ने निर्देश दिए कि राज्य स्तर पर प्राप्त आदेशानुसार सभी चिकित्सा संस्थान 13 अप्रैल तक उपलब्ध उपकरणों का अनिवार्य रूप से ई उपकरण पोर्टल पर पंजीकरण सुनिश्चित करें, अन्यथा भविष्य में मरम्मत संबंधी कार्य प्रभावित होंगे।
*एनीमिया व टीबी मुक्त अभियान को गति देने के निर्देश*
जिला कलेक्टर ने एनीमिया नियंत्रण को लेकर चरणबद्ध कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए, जिसके तहत पहले जिले को सीवियर एनीमिया मुक्त और बाद में पूर्ण एनीमिया मुक्त बनाया जाएगा। इसके लिए दवाइयों की आपूर्ति और रिपोर्टिंग पर विशेष ध्यान देने को कहा गया। इसी के साथ टीबी मुक्त ग्राम पंचायत अभियान को गति देते हुए कम से कम 180 ग्राम पंचायतों को टीबी मुक्त घोषित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया।
*सभी ब्लॉकों पर सिजेरियन डिलीवरी की व्यवस्था सुनिश्चित करें*
सीएमएचओ ने बताया कि ब्लॉक में केवल नोखा में सिजेरियन डिलीवरी की व्यवस्था है। जिला कलेक्टर ने सभी ब्लॉक मुख्यालय पर सिजेरियन डिलीवरी को लेकर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने मुख्यमंत्री निशुल्क निरोगी राजस्थान दवा योजना की समीक्षा करते हुए सभी चिकित्सा संस्थानों में दवाइयों की शत-प्रतिशत उपलब्धता एवं रिपोर्टिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उल्लेखनीय है कि जिला गत चार वर्ष से लगातार राज्य स्तर पर प्रथम स्थान पर काबिज है।मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पुखराज साध ने जानकारी दी कि निशुल्क जांच योजना के तहत जिले में मदर हब एंड स्पोक मॉडल लागू किया जा चुका है, जिसके माध्यम से दूरस्थ क्षेत्रों से सैंपल एकत्र कर जांच सुविधा उपलब्ध करवाई जा रही है।
बैठक में गैर संचारी रोग नियंत्रण कार्यक्रम को मजबूत करने पर विशेष जोर देते हुए बीपी, शुगर एवं कैंसर की स्क्रीनिंग बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी गर्भवती महिलाओं का प्रथम चार सप्ताह में पंजीकरण सुनिश्चित करने तथा संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने के निर्देश दिए गए। साथ ही 14 से 15 वर्ष आयु की बालिकाओं को अधिकाधिक एचपीवी टीकाकरण का लाभ देने के लिए कहा गया।
बैठक में सीईओ जिला परिषद सुश्री शैलजा पांडे, आईएएस सुश्री स्वाति शर्मा, एडीएम सिटी श्री रमेश देव, सीएमएचओ डॉ पुखराज साध, जिला प्रजनन एवं शिशु स्वास्थ्य अधिकारी डॉ भवानी शंकर गहलोत, महिला बाल विकास उपनिदेशक श्री सुभाष बिश्नोई, डिप्टी सीएमएचओ परिवार कल्याण डॉ योगेंद्र तनेजा, डिप्टी सीएमएचओ स्वास्थ्य डॉ लोकेश गुप्ता, जिला टीबी अधिकारी डॉ चंद्रशेखर मोदी, डॉ नवल गुप्ता, एसडीएम जिला अस्पताल अधीक्षक डॉ सुनील हर्ष, जिला अस्पताल नोखा अधीक्षक डॉ सुनील बोथरा, डीएचएस कन्वीनर सुशील कुमार, समस्त ब्लॉक सीएमओ, बीपीओ एवं विभिन्न अस्पतालों के चिकित्सा अधिकारी प्रभारी मौजूद रहे।













