Bikaner Live

हेलमेट भागती जिंदगी का सुरक्षा कवच




10 अप्रैल2026। राजकीय महाविद्यालय गंगाशहर।

   हेलमेट और सीट बेल्ट सड़क पर दौड़ते वाहन के चालक के लिए सुरक्षा कवच है। हेलमेट और सीट बेल्ट संबंधी यातायात के नियमों का पालन न करने पर जुर्माना और दुर्घटना जैसी वित्तीय और शारीरिक क्षति के साथ ही जीवन लीला का भी अंत हो सकता है। यह चेतावनी श्री अयूब खां, सहायक उप निरीक्षक यातायात पुलिस    ने मुख्य वक्ता के रूप में बोलते हुए महाविद्यालय के युवा विद्यार्थियों को दी। इन्होंने यातायात एवं सड़क सुरक्षा संबंधी विभिन्न नियमों की रोचक और गंभीर जानकारी प्रस्तुत करने के साथ ही ब्रेथ एनालाइजर तथा चालान मशीन का प्रत्यक्ष प्रदर्शन कर इनकी कार्य प्रणाली को समझाया। इस विषय पर युवा संवेदना को जगाने वाली एक लघु फिल्म भी  दिखाई गई जिसे बीकानेर पुलिस द्वारा तैयार किया गया है। बेहतरीन फिल्मांकन वाली इस फिल्म ने सभी को भावुक कर दिया। प्राचार्य प्रो बबीता जैन ने अपने उद्बोधन में कहा कि सड़क सुरक्षा के दृष्टिकोण से युवा सर्वाधिक संवेदनशील आयु वर्ग में सम्मिलित है। युवाओं को इस विषय पर जागृत करने की सर्वाधिक आवश्यकता है।  कार्यक्रम का संचालन डॉ खुशाल पुरोहित ने किया। इस अवसर पर  राज्य सरकार के द्वारा आयोजित आत्मनिर्भर भारत एवं स्वदेशी विषयक राज्य स्तरीय निबंध प्रतियोगिता में प्रथम 20 में अपना स्थान बनाने वाली महाविद्यालय की छात्रा रुक्मणी शर्मा को भी सम्मानित किया गया। इस छात्रा को राज्य सरकार के द्वारा भी पुरस्कृत किया गया था। कार्यक्रम के अंत में धन्यवाद ज्ञापन डॉ प्रेम रतन हटीला ने किया।

Picture of Gordhan Soni

Gordhan Soni

खबर

http://

Related Post

error: Content is protected !!