Bikaner Live

गृहमंत्री अमित शाह एवं मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा व प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ 25-26 मई को रहेंगे बीकानेर दौरे पर

सीमा चौकी सांचू में जवानों से संवाद, वृक्षारोपण एवं बीएसएफ सेक्टर मुख्यालय में करेंगे बैठक
बीकानेर।
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह एवं राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा 25 एवं 26 मई को बीकानेर दौरे पर रहेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह 25 मई की रात्रि 10:20 बजे बीकानेर एयरपोर्ट पहुंचेंगे तथा वहां से बीएसएफ सेक्टर मुख्यालय जाएंगे, जहां उनका रात्रि विश्राम रहेगा। वहीं मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा रात्रि 8:30 बजे बीकानेर पहुंचकर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की अगवानी करेंगे तथा कृषि विश्वविद्यालय स्थित गेस्ट हाउस में रात्रि विश्राम करेंगे।
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ के साथ प्रदेश महामंत्री मिथलेश गौतम, भूपेंद्र सैनी 25 मई को दोपहर 2:45 बजे रेल मार्ग से बीकानेर पहुंचेंगे तथा केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की अगवानी में शामिल रहेंगे। वहीं 26 मई की रात्रि 11:10 बजे रेल मार्ग से बीकानेर से रवाना होंगे।
26 मई को मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा प्रातः कृषि विश्वविद्यालय हेलीपेड से रवाना होकर सीमा चौकी सांचू पहुंचेंगे। इसके बाद केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह भी बीएसएफ हेलीकॉप्टर द्वारा सीमा चौकी सांचू पहुंचेंगे। यहां दोनों नेता वृक्षारोपण कार्यक्रम, सैनिक सम्मेलन एवं जवानों के साथ संवाद कार्यक्रम में भाग लेंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार दोनों नेता सुबह 11:10 बजे से 11:40 बजे तक सीमा चौकी सांचू, बीएसएफ 179वीं वाहिनी में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके पश्चात दोनों नेता बीएसएफ सेक्टर मुख्यालय, बीकानेर पहुंचेंगे।
बीएसएफ सेक्टर मुख्यालय में दोपहर 12:40 बजे महिला बैरकों के ई-उद्घाटन कार्यक्रम का आयोजन होगा, जिसमें केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह एवं मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा भाग लेंगे। इसके बाद दोपहर 2 बजे से 4 बजे तक राजस्थान में भारत-पाक सीमा से संबंधित विषयों पर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित होगी।
भाजपा देहात जिलाध्यक्ष श्याम पंचारिया ने कहा कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह एवं मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का बीकानेर दौरा सीमा सुरक्षा, जवानों के मनोबल एवं प्रदेश के विकास की दृष्टि से महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि बीएसएफ जवानों के साथ संवाद एवं सीमा क्षेत्रों के विषयों पर बैठक से सुरक्षा व्यवस्थाओं को और मजबूती मिलेगी।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह शाम 6:25 बजे बीकानेर एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए रवाना होंगे, जबकि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा जयपुर के लिए प्रस्थान करेंगे।
जिला मीडिया संयोजक मनीष सोनी ने कार्यक्रम की जानकारी दी।

Picture of Gordhan Soni

Gordhan Soni

खबर

http://

Related Post

error: Content is protected !!