


चेक गणराज्य में भारत की कंपाउंड मिक्स टीम ने जीता स्वर्ण, बीकानेर के श्याम सुंदर स्वामी ने बढ़ाया प्रदेश का गौरव
बीकानेर। चेक गणराज्य में आयोजित प्रतिष्ठित वर्ल्ड रैंकिंग तीरंदाजी प्रतियोगिता में भारत की कंपाउंड मिक्स टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। भारतीय जोड़ी में ओलंपियन एवं वर्ल्ड पैरा चैंपियनशिप पदक विजेता श्याम सुंदर स्वामी और विश्व नंबर-1 कंपाउंड तीरंदाज शीतल देवी शामिल थे। दोनों खिलाड़ियों ने फाइनल मुकाबले में इंडोनेशिया की टीम को हराकर भारत के लिए स्वर्ण पदक जीत लिया।
पूरे टूर्नामेंट के दौरान भारतीय जोड़ी ने सटीक निशानेबाजी, शानदार तालमेल और बेहतरीन प्रदर्शन का परिचय देते हुए विश्व मंच पर तिरंगा लहराया। इस जीत के साथ भारत के खाते में एक और स्वर्ण पदक जुड़ गया और अंतरराष्ट्रीय तीरंदाजी में देश की प्रतिष्ठा और मजबूत हुई।
राजस्थान तीरंदाजी संघ के महासचिव सुरेंद्र सिंह गुर्जर ने बताया कि इस उपलब्धि से पूरे राजस्थान सहित देशभर के तीरंदाजी खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में खुशी की लहर है। राजस्थान तीरंदाजी संघ के अध्यक्ष दीपेंद्र सिंह ने स्वर्ण पदक विजेता श्याम सुंदर स्वामी और शीतल देवी को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने श्याम सुंदर स्वामी के प्रशिक्षक अनिल जोशी को भी इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए कहा कि किसी भी खिलाड़ी की सफलता में उसके प्रशिक्षक का समर्पण, मेहनत और मार्गदर्शन महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
बीकानेर निवासी श्याम सुंदर स्वामी की इस उपलब्धि से प्रदेश का गौरव बढ़ा है। उन्होंने एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए भारत का नाम विश्व पटल पर रोशन किया।















