बीकानेर। जिला यातायात पुलिस द्वारा 6 जुलाई से 31 जुलाई तक चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत स्कूलों में विद्यार्थियों एवं बाल वाहिनी चालकों को यातायात नियमों की जानकारी दी जा रही है। अभियान के दौरान विद्यार्थियों को हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, तेज गति से वाहन नहीं चलाने, मोबाइल फोन का उपयोग न करने तथा सड़क सुरक्षा के अन्य नियमों के प्रति जागरूक किया गया।
यातायात पुलिस ने स्कूल वाहनों के चालकों को निर्धारित क्षमता से अधिक बच्चों को नहीं बैठाने, वाहनों के फिटनेस प्रमाणपत्र, ड्राइविंग लाइसेंस एवं अन्य दस्तावेज पूरे रखने के निर्देश दिए। साथ ही सालासर टोल नाके पर स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से भारी वाहन चालकों की आंखों की जांच का शिविर आयोजित किया गया तथा जरूरतमंद चालकों को चश्मे भी वितरित किए गए। पुलिस ने आमजन से भी हेलमेट, सीट बेल्ट का अनिवार्य उपयोग करने और नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने की अपील की।
















