Bikaner Live

पुलिस निरीक्षक कविता पुनिया बोलीं—अफवाहों से रहें दूर, शांति बनाए रखने में करें सहयोग

सुरक्षा सखी बैठक में सामाजिक सौहार्द, साइबर जागरूकता और नशा मुक्ति पर दिया गया विशेष जोर

बीकानेर। आगामी त्योहारों एवं वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए थाना नयाशहर में शुक्रवार को सुरक्षा सखी बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता थाना प्रभारी एवं पुलिस निरीक्षक कविता पुनिया ने की। बैठक में क्षेत्र की सुरक्षा सखियों को कानून-व्यवस्था बनाए रखने, सामाजिक सौहार्द को मजबूत करने तथा पुलिस और आमजन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक के दौरान पुलिस निरीक्षक कविता पुनिया ने कहा कि आगामी त्योहारों के दौरान सभी समुदाय आपसी भाईचारे, प्रेम और सद्भाव के साथ पर्व मनाएं। किसी भी प्रकार की अफवाह, विवाद या शांति भंग करने वाली गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई कर कानून-व्यवस्था बनाए रखी जा सके।

बैठक में सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए साइबर अपराधों के प्रति भी लोगों को जागरूक किया गया। पुलिस ने सुरक्षा सखियों को बताया कि अपराधियों, असामाजिक तत्वों अथवा भड़काऊ एवं भ्रामक पोस्ट, फोटो और रील को सोशल मीडिया पर साझा या वायरल नहीं करें। ऐसे किसी भी संदिग्ध कंटेंट की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, जिससे साइबर अपराधों और अफवाहों पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।

इसके अलावा पुलिस ने राज्य सरकार के नशा मुक्ति अभियान की जानकारी देते हुए समाज से नशे के खिलाफ अभियान में सक्रिय सहयोग की अपील की। बैठक में महिलाओं पर होने वाले अत्याचार, बाल अपराध, कमजोर वर्गों के विरुद्ध होने वाले अपराधों की रोकथाम तथा ऐसे मामलों में तुरंत पुलिस से संपर्क करने के संबंध में भी विस्तार से जानकारी दी गई।

पुलिस ने सुरक्षा सखियों से कहा कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में जागरूकता फैलाने के साथ-साथ समाज और पुलिस के बीच मजबूत कड़ी की भूमिका निभाएं, ताकि किसी भी अप्रिय घटना की सूचना समय पर मिल सके और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। बैठक में सुरक्षा, शांति एवं सामाजिक समरसता बनाए रखने के लिए सभी ने मिलकर सहयोग करने का संकल्प भी लिया।

Picture of Gordhan Soni

Gordhan Soni

खबर

Related Post

error: Content is protected !!