
केंद्रीय मंत्री श्री अर्जुनराम मेघवाल बोले— बॉर्डर, डेजर्ट और नाइट टूरिज्म से बीकानेर बनेगा पर्यटन का नया केंद्र
बीकानेर, 11 जुलाई। होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान (बीकानेर संभाग) की नवगठित कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह शनिवार देर शाम कपिल धरा होटल में गरिमामय वातावरण में आयोजित हुआ। समारोह के मुख्य अतिथि केंद्रीय कानून एवं न्याय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल ने नई कार्यकारिणी को शपथ दिलाई। समारोह के दौरान बीकानेर टूरिज्म एक्सीलेंस अवॉर्ड्स भी प्रदान किए गए। विभिन्न श्रेणियों में होटल, होमस्टे, हेरिटेज होटल, रेस्टोरेंट, डेजर्ट कैंप, वेडिंग रिसोर्ट, हॉस्पिटैलिटी, कंटेंट क्रिएशन, फूड ब्लॉगिंग तथा पर्यटन संरक्षण से जुड़े व्यक्तियों एवं संस्थाओं को सम्मानित किया गया।
समारोह में होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान (बीकानेर संभाग) की नई कार्यकारिणी के अध्यक्ष के रूप में श्री कुशल पारीक, उपाध्यक्ष श्रीमती वसुंधरा भाटी, महासचिव श्री शैलेन्द्र सिंह शेखावत, संरक्षक के रूप में श्री गोपाल अग्रवाल तथा कोषाध्यक्ष श्री प्रदीप सारस्वत को जिम्मेदारी सौंपी गई। अतिथियों ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि नई कार्यकारिणी बीकानेर संभाग के पर्यटन एवं होटल उद्योग के विकास के लिए प्रभावी ढंग से कार्य करेगी।
मुख्य अतिथि केंद्रीय मंत्री श्री अर्जुन राम मेघवाल ने कहा कि बीकानेर में डेजर्ट टूरिज्म, बॉर्डर टूरिज्म, हेरिटेज टूरिज्म और नाइट टूरिज्म को विकसित करने की असीम संभावनाएं हैं। उन्होंने कहा कि खाजूवाला और श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र के रेतीले धोरे पर्यटकों के लिए विशेष आकर्षण हैं। उन्होंने बताया कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने हाल ही में सांचू दौरे के दौरान बॉर्डर टूरिज्म को बढ़ावा देने के निर्देश दिए थे। यदि योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया जाए तो इससे पर्यटन के साथ-साथ होटल उद्योग और स्थानीय रोजगार को भी नई गति मिलेगी।
*हजार हवेलियां का शहर बीकानेर*
मेघवाल ने कहा कि बीकानेर को एक हजार हवेलियों का शहर कहा जाता है और यह विरासत देश में अद्वितीय है। उन्होंने हवेलियों के संरक्षण एवं विकास, नाइट टूरिज्म, बॉर्डर टूरिज्म तथा मेडिटेशन सेंटर जैसी परियोजनाओं के लिए विस्तृत डीपीआर तैयार कर भेजने का आह्वान किया तथा विश्वास दिलाया कि केंद्र सरकार इनके लिए हरसंभव सहयोग करेगी।
कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री एवं पर्यटन मंत्री श्रीमती दिया कुमारी का वीडियो संदेश प्रसारित किया गया।खाजूवाला विधायक डॉ विश्वनाथ मेघवाल ने कहा कि पर्यटन के क्षेत्र में बीकानेर में चहुंमुखी विकास की संभावनाएं हैं। मुख्यमंत्री और पर्यटन मंत्री दोनों पर्यटन के क्षेत्र को आगे बढ़ाने के लिए संकल्पित हैं। श्रीडूंगरगढ़ विधायक ताराचंद सारस्वत ने कहा कि राजस्थान में पर्यटन तेजी से विकसित हो रहा है और सरकार इस क्षेत्र को निरंतर प्रोत्साहन दे रही है। पर्यटन के विस्तार से रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
इस अवसर पर जिला कलेक्टर निशांत जैन ने कहा कि पर्यटन आज एक बड़ा उद्योग बन चुका है और राजस्थान की अर्थव्यवस्था में इसका महत्वपूर्ण योगदान है। उन्होंने कहा कि बीकानेर अपनी ऐतिहासिक धरोहर, संस्कृति और विशिष्ट पहचान के कारण पर्यटन की अपार संभावनाओं वाला जिला है। यदि सभी संबंधित पक्ष समन्वित रूप से कार्य करें तो यह आयोजन पर्यटन विकास की दिशा में मील का पत्थर सिद्ध होगा।
कार्यक्रम में होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान के अध्यक्ष श्री ए.खान ने बीकानेर पर्यटन के विकास हेतु आगामी 10 वर्षों का विजन प्लान तैयार कर केंद्रीय मंत्री के समक्ष प्रस्तुत करने की आवश्यकता पर बल दिया। वक्ताओं ने कहा कि यदि बीकानेर की विरासत, संस्कृति, रेगिस्तानी पर्यटन और आतिथ्य को प्रभावी ढंग से देश-दुनिया के सामने प्रस्तुत किया जाए तो यह प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों में अपनी अलग पहचान बना सकता है।
अंत में होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान के सचिव श्री सुरेन्द्र सिंह शाहपुरा ने सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, होटल व्यवसायियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बीकानेर के पर्यटन को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने के लिए सभी को मिलकर कार्य करना होगा। उन्होंने कहा कि “जो दिखता है, वही बिकता है” और अब समय आ गया है कि बीकानेर अपनी पर्यटन क्षमता को पूरे देश के सामने प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करे। श्री ऋषभ देव ने मंच संचालन किया।
कार्यक्रम में खाजूवाला विधायक डॉ. विश्वनाथ मेघवाल, श्रीडूंगरगढ़ विधायक ताराचंद सारस्वत, जिला कलेक्टर श्री निशांत जैन,होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान की राज्य स्तरीय कार्यकारिणी के अध्यक्ष श्री एच. खान, संरक्षक श्री सुरेन्द्र सिंह शाहपुरा, उपाध्यक्ष श्री रणविजय सिंह समेत राज्य के सभी संभागों के पदाधिकारी, श्री श्याम पंचारिया,श्रीमती सुमन छाजेड़,श्री दीपक पारीक,श्री चम्पालाल गेधर, एडवोकेट श्री अशोक प्रजापत,श्री संतोषानंद महाराज, श्री छोटू बन्ना,श्री विनोद गोयल, कपिल धरा की श्रीमती वसुंधरा, श्री शक्ति सिंह शेखावत सहित बीकानेर के होटल व्यवसायी व बड़ी संख्या में शहर के गणमान्य और प्रबुद्ध लोग उपस्थित रहे।














