Bikaner Live

बीकानेर व्यापार उद्योग मंडल की अनौपचारिक बैठक सम्पन्न, शहर एवं औद्योगिक क्षेत्रों की समस्याओं पर हुई विस्तृत चर्चा


बीकानेर व्यापार उद्योग मंडल की अनौपचारिक बैठक शनिवार को मंडल कार्यालय में अध्यक्ष श्री जुगल राठी की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में मंडल के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने शहर के विकास, व्यापारिक हितों तथा आगामी गतिविधियों पर विस्तृत विचार-विमर्श किया।

बैठक में बीकानेर शहर की बदहाल एवं क्षतिग्रस्त सड़कों की स्थिति पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए संबंधित विभागों से शीघ्र मरम्मत एवं पुनर्निर्माण कार्य कराने की मांग की गई। सदस्यों ने कहा कि खराब सड़कों के कारण आमजन, व्यापारी एवं वाहन चालकों को प्रतिदिन भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।
शहर की चरमराई हुई यातायात व्यवस्था पर भी गंभीर चर्चा हुई। मंडल ने जिला प्रशासन एवं यातायात पुलिस से प्रमुख बाजारों एवं व्यस्त मार्गों पर प्रभावी ट्रैफिक प्रबंधन, अतिक्रमण नियंत्रण तथा सुव्यवस्थित पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की, जिससे व्यापारियों एवं आम नागरिकों को राहत मिल सके।

बैठक में रिको के विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों में जाम पड़ी सीवर लाइनों एवं जल निकासी की समस्या भी प्रमुखता से उठाई गई। सदस्यों ने कहा कि सीवर लाइनों की नियमित सफाई नहीं होने से उद्योगों के संचालन एवं औद्योगिक वातावरण पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। रिको प्रशासन एवं संबंधित विभागों से तत्काल सफाई अभियान चलाकर स्थायी समाधान करने का आग्रह किया गया।

बैठक में यह निर्णय लिया गया कि उपरोक्त जनहित एवं व्यापार हित से जुड़े विषयों पर शीघ्र ही जिला प्रशासन एवं संबंधित विभागों को ज्ञापन सौंपकर आवश्यक कार्रवाई की मांग की जाएगी।

बैठक में अध्यक्ष श्री जुगल राठी, सचिव श्री संजय जैन सांड, उपाध्यक्ष श्री वेद प्रकाश अग्रवाल, उपाध्यक्ष श्री कमल बोथरा, सह सचिव श्री इमरान राठौड़, प्रचार मंत्री श्री सुशील कुमार यादव एवं शांन्तिलाल कोचर, जनक हर्ष, बजरंग लाल सेवग, दामोदर माहेश्वरी, साजिद सुलेमानी, सहित मंडल के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने बीकानेर के समग्र विकास एवं व्यापारिक वातावरण को सुदृढ़ बनाने के लिए मंडल की सक्रिय भूमिका जारी रखने का संकल्प व्यक्त किया।

Picture of Gordhan Soni

Gordhan Soni

खबर

http://

Related Post

error: Content is protected !!