अफीम, नकदी व चोरी का सामान बरामद
बीकानेर। बीकानेर पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक ही दिन में चार अलग-अलग मामलों में उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। पुलिस ने सोलर प्लांट से केबल चोरी, अवैध अफीम तस्करी, मोटरसाइकिल चोरी और महिला से लूट की वारदात का खुलासा करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इन कार्रवाइयों में चोरी का माल, 455 ग्राम अफीम, नकदी, सोने की चेन और वारदात में प्रयुक्त वाहन भी बरामद किए गए हैं। पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा के निर्देशन में जिलेभर में अपराधियों के खिलाफ लगातार प्रभावी अभियान चलाया जा रहा है।
सोलर प्लांट से चोरी का खुलासा
गजनेर थाना पुलिस ने मेघासर स्थित एक सोलर प्लांट से डीसी केबल चोरी के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से करीब 37 किलो 300 ग्राम चोरी की गई डीसी केबल बरामद की गई है। पुलिस अब इस वारदात में शामिल अन्य आरोपियों और चोरी में प्रयुक्त वाहन की तलाश में जुटी हुई है। इस कार्रवाई में सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
455 ग्राम अफीम के साथ दो तस्कर गिरफ्तार
नापासर थाना पुलिस ने “ऑपरेशन नीलकंठ” के तहत अमृतसर-जामनगर एक्सप्रेस-वे पर वाहन चेकिंग के दौरान एक ट्रक-ट्रेलर को रोककर तलाशी ली। तलाशी में 455 ग्राम अवैध अफीम बरामद हुई। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर ट्रक-ट्रेलर जब्त कर लिया है। आरोपियों से मादक पदार्थ की खरीद-फरोख्त और तस्करी के नेटवर्क के संबंध में गहन पूछताछ की जा रही है।
मोटरसाइकिल चोरी का मामला सुलझाया
नयाशहर थाना पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के मामले का सफल खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई मोटरसाइकिल बरामद कर ली है। सीसीटीवी फुटेज, मुखबिर की सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी तक पहुंचने में पुलिस को सफलता मिली। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।
महिला से लूट करने वाला आरोपी गिरफ्तार
नयाशहर थाना पुलिस ने महिला से पर्स और सोने की चेन लूटने की वारदात का भी खुलासा कर दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 19,760 रुपये नकद, सोने की चेन, पेंडल तथा वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस का कहना है कि आरोपी से अन्य वारदातों के संबंध में भी पूछताछ की जा रही है।
बीकानेर पुलिस की इन लगातार सफल कार्रवाइयों से जिले में अपराधियों के खिलाफ सख्त संदेश गया है। पुलिस अधिकारियों ने आमजन से भी अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण बनाए रखा जा सके।













