Bikaner Live

ईसीबी-ईपीएल सीजन-1 का भव्य समापन, फीनिक्स स्ट्राइकर्स बनी चैंपियन

फाइनल में थंडर सिक्सर्स को दी मात, फीनिक्स स्ट्राइकर्स ने अपने नाम की खिताबी ट्रॉफी

*पंकज कुमावत सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज, चमन राज सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज और करण सुथार बने प्रतियोगिता के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी*

इंजीनियरिंग कॉलेज बीकानेर में आयोजित ईसीबी प्रीमियर लीग सीजन-1 का भव्य एवं रोमांचक समापन हुआ। कई दिनों तक चले क्रिकेट के इस महाकुंभ में शानदार मुकाबलों के बाद फीनिक्स स्ट्राइकर्स ने फाइनल में दमदार प्रदर्शन करते हुए थंडर सिक्सर्स को पराजित कर ईसीबी-ईपीएल सीजन-1 का खिताब अपने नाम किया। फाइनल के साथ ही प्रतियोगिता का रोमांचक समापन हुआ और खिलाड़ियों, टीम ओनर्स, संकाय सदस्यों एवं दर्शकों में खासा उत्साह देखने को मिला।

*सेमीफाइनल में फीनिक्स और थंडर ने बनाई जगह*

फाइनल से पहले खेले गए सेमीफाइनल मुकाबलों में भी जबरदस्त प्रतिस्पर्धा देखने को मिली। पहले सेमीफाइनल में फीनिक्स स्ट्राइकर्स ने डेजर्ट स्कॉर्चर्स को पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया। इस मुकाबले में शानदार प्रदर्शन के लिए चमन राज को मैन ऑफ द मैच चुना गया। दूसरे सेमीफाइनल में थंडर सिक्सर्स ने सुपरनोवा टाइटंस को मात देकर खिताबी मुकाबले में जगह बनाई। इस मैच में शानदार प्रदर्शन के लिए वेद प्रकाश को मैन ऑफ द मैच चुना गया।

*फीनिक्स स्ट्राइकर्स ने उठाई विजेता ट्रॉफी*

फाइनल मुकाबले में फीनिक्स स्ट्राइकर्स और थंडर सिक्सर्स के बीच खिताब के लिए कड़ा मुकाबला देखने को मिला। दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने शानदार खेल भावना एवं प्रतिस्पर्धा का प्रदर्शन किया। निर्णायक मुकाबले में फीनिक्स स्ट्राइकर्स ने शानदार जीत दर्ज करते हुए ईसीबी-ईपीएल सीजन-1 की विजेता ट्रॉफी अपने नाम की।

खेल विभागाध्यक्ष एवं आयोजन संयोजक डॉ. नवीन शर्मा ने विजेता टीम फीनिक्स स्ट्राइकर्स की टीम ओनर डॉ. इन्दु भूरिया एवं कप्तान शुभम कुमावत को ईसीबी-ईपीएल सीजन-1 की ट्रॉफी प्रदान की।

इस अवसर पर डॉ. नवीन शर्मा ने कहा कि ईसीबी-ईपीएल का पहला सत्र विद्यार्थियों की खेल प्रतिभा, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना को सामने लाने में सफल रहा। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता में खेल के साथ आधुनिक तकनीक का समावेश इसकी विशेष उपलब्धि रही। उन्होंने सभी टीमों, खिलाड़ियों, टीम ओनर्स, कप्तानों एवं आयोजन से जुड़े प्रत्येक सदस्य का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सामूहिक प्रयासों से यह आयोजन सफल एवं यादगार बन सका। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले वर्षों में ईसीबी-ईपीएल और अधिक व्यापक एवं भव्य स्वरूप में आयोजित किया जाएगा।

*पंकज बने सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज, चमन सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज*

प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को व्यक्तिगत पुरस्कारों से भी सम्मानित किया गया। पंकज कुमावत को प्रतियोगिता का सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज, चमन राज को सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज तथा करण सुथार को प्रतियोगिता का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया। तीनों खिलाड़ियों ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी टीमों की सफलता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

*स्टाफ मैच में नाइट राइडर्स ने रॉयल स्टार्स को हराया*

ईसीबी-ईपीएल के दौरान महाविद्यालय के स्टाफ सदस्यों के मध्य विशेष क्रिकेट मुकाबला भी आयोजित किया गया। इसमें नाइट राइडर्स और रॉयल स्टार्स की टीमें आमने-सामने रहीं। रॉयल स्टार्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 15 ओवर में 133 रन बनाए और 8 विकेट गंवाए। जवाब में नाइट राइडर्स ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 14 ओवर में 137 रन बनाकर 4 विकेट से मुकाबला अपने नाम किया। नाइट राइडर्स की जीत में शानदार प्रदर्शन करने वाले सोफिन खान को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। स्टाफ मैच में संकाय एवं स्टाफ सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए आयोजन में नया उत्साह और रोमांच जोड़ दिया।

*स्टाफ मैच का उद्घाटन बीटीयु रजिस्ट्रार रचना भाटिया ने किया*

ईसीबी-ईपीएल के दौरान आयोजित स्टाफ सदस्यों के विशेष क्रिकेट मुकाबले का उद्घाटन बीकानेर तकनीकी विश्वविद्यालय की रजिस्ट्रार श्रीमती रचना भाटिया ने किया। उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया तथा खेलों को कार्यस्थल पर स्वस्थ वातावरण, आपसी समन्वय एवं टीम भावना को बढ़ावा देने का महत्वपूर्ण माध्यम बताया। स्टाफ मैच में नाइट राइडर्स एवं रॉयल स्टार्स के बीच मुकाबला हुआ, जिसमें नाइट राइडर्स ने 4 विकेट से जीत दर्ज की। सोफिन खान को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

*विशेष अतिथि डॉ. ऋतुराज सोनी ने किया फाइनल मैच का उद्घाटन*

ईसीबी-ईपीएल सीजन-1 के फाइनल मुकाबले का उद्घाटन विशेष अतिथि डॉ. ऋतुराज सोनी ने किया। फाइनल में फीनिक्स स्ट्राइकर्स एवं थंडर सिक्सर्स आमने-सामने रहीं। डॉ. ऋतुराज सोनी ने दोनों टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया तथा शानदार प्रतियोगिता के लिए खिलाड़ियों को शुभकामनाएँ दीं। रोमांचक फाइनल मुकाबले में फीनिक्स स्ट्राइकर्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए थंडर सिक्सर्स को पराजित कर ईसीबी-ईपीएल सीजन-1 का खिताब अपने नाम किया।

*भव्य समापन में बड़ी संख्या में रहे उपस्थित*

समापन समारोह का संचालन डॉ. अवधेश व्यास ने किया। कार्यक्रम में डॉ. देवेन्द्र गहलोत, श्री मनोज चौधरी, डॉ. राकेश पूनिया, श्री विजय सिंह, श्री मुमताज अली मीर, श्री रामकिशन गोदारा, डॉ. इन्दु भूरिया, श्री रोहित शर्मा, श्री मनीष व्यास सहित बड़ी संख्या में संकाय सदस्य, स्टाफ सदस्य एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।

ईसीबी-ईपीएल सीजन-1 ने क्रिकेट के रोमांच के साथ खेल, तकनीक, नेतृत्व, प्रबंधन एवं टीम भावना का शानदार समन्वय प्रस्तुत किया। प्रतियोगिता का पहला सत्र महाविद्यालय के खेल इतिहास में एक यादगार अध्याय के रूप में दर्ज हुआ।

Picture of Gordhan Soni

Gordhan Soni

खबर

Related Post

error: Content is protected !!