
दो दिनों में नामांकन का आंकड़ा पहुंचा 191; श्रीडूंगरगढ़ में सर्वाधिक 49, बीकानेर नगर निगम में 41 नामांकन
बीकानेर, 29 अगस्त। जिले में नगर निकाय आम चुनाव-2026 को लेकर शनिवार को दिनभर चुनावी सरगर्मियां तेज रहीं। बीकानेर नगर निगम सहित जिले की सातों नगरीय निकायों में प्रत्याशियों और उनके समर्थकों की चहल-पहल देखने को मिली। शनिवार को कुल 187 नामांकन पत्र दाखिल किए गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार को श्रीडूंगरगढ़ नगरपालिका में सर्वाधिक 49 नामांकन पत्र दाखिल हुए। वहीं बीकानेर नगर निगम में 41, नोखा नगरपालिका में 40 और लूणकरणसर नगरपालिका में 34 नामांकन जमा करवाए गए।
देशनोक नगरपालिका में 15 तथा खाजूवाला नगरपालिका में 8 नामांकन पत्र दाखिल हुए। नापासर नगरपालिका में शनिवार को कोई नामांकन प्राप्त नहीं हुआ।
निकायवार शनिवार को दाखिल नामांकन
बीकानेर नगर निगम — 41
देशनोक नगरपालिका — 15
खाजूवाला नगरपालिका — 8
लूणकरणसर नगरपालिका — 34
नापासर नगरपालिका — 0
नोखा नगरपालिका — 40
श्रीडूंगरगढ़ नगरपालिका — 49
कुल नामांकन — 187
इससे पहले नामांकन प्रक्रिया के पहले दिन सातों निकाय क्षेत्रों में कुल 4 नामांकन पत्र दाखिल हुए थे। इस प्रकार दो दिनों में बीकानेर जिले की सातों नगरीय निकायों में दाखिल नामांकन पत्रों की संख्या बढ़कर 191 हो गई है।
नामांकन प्रक्रिया के चलते शनिवार को संबंधित निर्वाचन कार्यालयों के बाहर प्रत्याशियों, समर्थकों और राजनीतिक दलों के कार्यकर्ताओं की आवाजाही बनी रही। अब आगामी दिनों में नामांकन प्रक्रिया और तेज होने की संभावना है।









