बीकानेर, 29 अगस्त। जिला निर्वाचन अधिकारी श्री निशांत जैन ने नगरीय निकाय आम चुनाव के संदर्भ में गठित विभिन्न प्रकोष्ठों के प्रभारियों और सह प्रभारियों की बैठक ली।
कलेक्ट्रेट सभागार में शनिवार को आयोजित बैठक के दौरान उन्होंने कहा कि सभी विभागों के प्रभारी और सहप्रभारी आपस में समन्वय रखते हुए अपने प्रकोष्ठ के कार्मिकों के साथ सभी कार्य, राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित कैलेंडर के अनुसार करना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि निर्वाचन से जुड़ा कार्य अत्यंत महत्वपूर्ण है इसमें किसी प्रकार की लापरवाही नहीं हो।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतदान दलों का प्रथम प्रशिक्षण 31 अगस्त से 5 सितंबर तक होगा। इससे जुड़ी तैयारी समय पर कर ली जाए तथा यह सुनिश्चित करें कि मतदान दल का प्रत्येक कार्मिक को निर्वाचन से जुड़ी समस्त जानकारियों के प्रति अपडेट रहे। उन्होंने मतदान तथा मतगणना के लिए कार्मिकों की नियुक्ति, आदर्श आचार संहिता की अनुपालना, वीडियोग्राफी, मतदान के लिए नियुक्त कार्मिकों की पहचान पत्र जारी करने सहित विभिन्न प्रकोष्ठों के कार्यों की समीक्षा की।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने ईवीएम के द्वितीय रेंडमाइजेशन, मतदान दलों की रवानगी के लिए वाहनों एवं सामग्री, मतगणना से जुड़े प्रशिक्षण एवं मतगणना प्रक्रिया सहित अन्य कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि नियंत्रण कक्ष क्रियाशील रहे। प्रत्येक सूचना का त्वरित आदान-प्रदान हो। कम्यूनिकेशन के लिए बेहतर प्लान बनाया जाए तथा इसमें सभी आवश्यक सूचनाओं का संकलन हो।
बैठक में बीकानेर विकास प्राधिकरण की आयुक्त श्रीमती धायगुडे स्नेहल नाना, यूपी जिला निर्वाचन अधिकारी श्री उम्मेद सिंह रतनू, उपखंड अधिकारी सुश्री महिमा कसाना तथा जिला निर्वाचन कार्यालय की विशेषाधिकारी सुश्री स्वाति शर्मा सहित विभिन्न प्रकोष्ठों के प्रभारी और सह प्रभारी मौजूद रहे।










