Bikaner Live

जिला निर्वाचन अधिकारी ने नोखा एवं देशनोक में नाम निर्देशन पत्र प्रक्रिया का किया अवलोकन


बीकानेर, 29 अगस्त। जिला निर्वाचन अधिकारी श्री निशान्त जैन ने शनिवार को नोखा और देशनोक नगरपालिका क्षेत्र में निकाय चुनाव के तहत नामांकन प्रक्रिया का निरीक्षण किया। उन्होंने दोनों नगर पालिका क्षेत्रों के रिटर्निंग अधिकारी कार्यालयों का निरीक्षण किया और नाम निर्देशन पत्र प्राप्त करने की प्रक्रिया की जानकारी ली। उन्होंने नोखा के दो और देशनोक के एक रिटर्निंग एवं सहायक रिटर्निंग अधिकारी कार्यालय का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि सोमवार को बड़ी संख्या में नाम निर्देशन पत्र प्राप्त हो सकते हैं। इसके मद्देनजर आवश्यक व्यवस्थाएं कर लें। उन्होंने नामांकन पत्रों की संवीक्षा, नाम वापसी सहित रिटर्निंग अधिकारी स्तर पर होने वाले कार्यों की जानकारी ली और कहा कि सभी कार्य निर्धारित समय सीमा में हों, यह सुनिश्चित किया जाए।

*ईवीएम वेयर हाउस और भंडार शाखा का किया निरीक्षण*

जिला निर्वाचन अधिकारी ने ईवीएम वेयर हाउस और निर्वाचन भंडार शाखा का निरीक्षण किया। इस दौरान ईवीएम के प्रथम रेंडमाइजेशन के पश्चात इनके नगरीय निकाय वार आवंटन प्रक्रिया का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि ईवीएम का द्वितीय रेंडमाइजेशन 5 सितंबर को प्रातः 10 बजे किया जाएगा। इसके बाद इन्हें सम्बंधित रिटर्निंग अधिकारी के सुपुर्द किया जाएगा। उन्होंने निर्वाचन भंडार शाखा में मतदान दलों के लिए तैयार हो रही सामग्री का जायजा लिया। साथ ही विभिन्न प्रकोष्ठों को दी गई सामग्री के बारे में जाना। इस दौरान बीडीए आयुक्त श्रीमती धायगुडे स्नेहल नाना, उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री उम्मेद सिंह रतनू, जिला निर्वाचन कार्यालय की विशेषाधिकारी सुश्री स्वाति शर्मा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

*शनिवार को 187 नाम निर्देशन पत्र हुए दाखिल*

नगरीय निकाय आम चुनाव के लिए नाम निर्देशन प्रक्रिया के दूसरे दिन शनिवार को सातों नगरीय निकाय क्षेत्रों में 187 नाम निर्देशन पत्र प्राप्त हुए। इस दौरान नगर निगम के लिए 41, नगर पालिका देशनोक के 15, खाजूवाला के आठ, लूणकरणसर के 34, नोखा के 40 तथा श्रीडूंगरगढ़ के लिए 49 नाम निर्देशन पत्र प्राप्त हुए। रविवार को अवकाश के दिन नाम निर्देशन पत्र नहीं लिए जाएंगे। सोमवार को प्रातः 10:30 से दोपहर 3 बजे तक लिए जाएंगे। उल्लेखनीय है कि नाम निर्देशन पत्र प्राप्त करने की प्रक्रिया 27 अगस्त को प्रारंभ हुई। पहले दिन जिले में कुल चार नाम निर्देशन पत्र प्राप्त हुए।

Picture of Gordhan Soni

Gordhan Soni

खबर

http://

Related Post

error: Content is protected !!