कई थानों में वांछित है आरोपी, पूछताछ में अन्य वारदातों के खुलासे की संभावना
बीकानेर, 29 अगस्त। शहर में वाहन चोरी और संपत्ति संबंधी अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोटगेट थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कई थानों में वांछित एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल भी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार 24 अगस्त को तोलियासर भैरूंजी मंदिर के पास से एक मोटरसाइकिल चोरी हुई थी। इस संबंध में कोटगेट थाने में 26 अगस्त को भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) के तहत मामला संख्या 209 दर्ज किया गया था।
मामले की जांच के दौरान पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर संदिग्ध फरमान उर्फ लक्की पुत्र अमजद, उम्र 20 वर्ष, निवासी लाल क्वार्टर के पास, सुभाषपुरा, पुलिस थाना सदर को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में आरोपी ने मोटरसाइकिल चोरी की वारदात स्वीकार कर ली।
इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी की मोटरसाइकिल नंबर आरजे 07 एचएस 9987 बरामद कर ली। पुलिस के मुताबिक आरोपी कई थानों में वांछित है। उससे पूछताछ और प्राप्त सूचनाओं के आधार पर वाहन चोरी की अन्य वारदातों का खुलासा होने की संभावना जताई गई है।
यह कार्रवाई बीकानेर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक ओमप्रकाश और जिला पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर चक्रवर्ती सिंह राठौड़ के नेतृत्व तथा नगर वृत्ताधिकारी अनुज डाल के सुपरविजन में की गई। कोटगेट थानाधिकारी विक्रम तिवाड़ी ने थाना स्तर पर विशेष टीम गठित की थी।
कार्रवाई में थानाधिकारी विक्रम तिवाड़ी, सहायक उपनिरीक्षक सुनील यादव, हेड कांस्टेबल हेतराम, कांस्टेबल संपत और कांस्टेबल संजय शामिल रहे। पुलिस ने कांस्टेबल संपतलाल की विशेष भूमिका बताई है।









