
मेजर ध्यानचंद को नमन के साथ शुरू हुआ खेलों का उत्सव, रोमांचक मुकाबलों में खिलाड़ियों ने दिखाया हुनर
ईसीबी में खेल प्रतिभाओं का जोरदार प्रदर्शन, ‘प्रारम्भ-द्वितीय’ में पहले दिन हुए कड़े मुकाबले
इंजीनियरिंग कॉलेज बीकानेर में शनिवार को बीकानेर तकनीकी विश्वविद्यालय के तत्वावधान में आयोजित तीन दिवसीय ‘प्रारम्भ-द्वितीय स्पोर्ट्स वीक’ का शानदार शुभारंभ हुआ। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर कार्यक्रम की शुरुआत हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद को माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इसके बाद कॉलेज रजिस्ट्रार डॉ. अमित सोनी ने फीता काटकर खेल आयोजन का विधिवत उद्घाटन किया। पहले दिन विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों ने उत्साह और खेल भावना के साथ भाग लेते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया तथा कई मुकाबलों में कड़ी टक्कर देखने को मिली।
*कुलगुरु ने जताई प्रसन्नता, खेलों के प्रति समर्पण का दिया संदेश*
बीकानेर तकनीकी विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. अखिल रंजन गर्ग ने आयोजन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों को अधिक उत्साह और समर्पण के साथ खेलों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा पहचानने और उसे बेहतर मंच पर प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है।
*मेजर ध्यानचंद के संघर्ष और उपलब्धियों से विद्यार्थियों को कराया परिचित*
उद्घाटन अवसर पर ईसीबी रजिस्ट्रार डॉ. अमित सोनी ने विद्यार्थियों को मेजर ध्यानचंद के जीवन, संघर्ष और खेल क्षेत्र में हासिल की गई उपलब्धियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मेजर ध्यानचंद का जीवन निरंतर अभ्यास, अनुशासन और समर्पण की प्रेरणा देता है। विद्यार्थियों को उनके जीवन से प्रेरणा लेकर खेलों के साथ-साथ अपने शैक्षणिक एवं व्यक्तिगत जीवन में भी उत्कृष्टता हासिल करने का प्रयास करना चाहिए।
*एथलेटिक्स में खिलाड़ियों ने दिखाई रफ्तार और ताकत*
खेल विभागाध्यक्ष डॉ. नवीन शर्मा ने बताया कि पहले दिन एथलेटिक्स की विभिन्न स्पर्धाओं में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। 100 मीटर दौड़ में नवीन पांडे, हर्षित सुखवाल एवं ऋतुराज तथा 200 मीटर दौड़ में अनुभव शर्मा, हर्षित सुखवाल एवं नवीन पांडे विजेता रहे। बालिका वर्ग के जेवलिन थ्रो में एस. वार्षिणी, पलक एवं कोमल तथा डिस्कस थ्रो में कोमल, पनिता एवं पलक ने शीर्ष स्थान हासिल किए। शॉटपुट में पलक, निकिता सरण एवं पनिता विजेता रहीं।
*वॉलीबॉल और टग ऑफ वार में भी दिखा जोश*
महिला वर्ग की विजेता वॉलीबॉल टीम की कप्तान पलक के साथ ज्योतिका, कोमल, निकिता सेहरा, चंचल पारीक, प्रीति एवं अंशिका चौधरी ने शानदार प्रदर्शन किया। वहीं महिला वर्ग के टग ऑफ वार में सोनाली, पनिता, प्रीति, रिया, मुदिता एवं पलक विजेता रहीं। पुरुष वर्ग के टग ऑफ वार में यश अवाना, श्याम सिंह गुर्जर, मयंक खत्री, विशाल बारीवा, प्रियांश मलसारिया, नील शर्मा एवं नीरज शर्मा की टीम ने बाजी मारी।
*खेलों के साथ विद्यार्थियों में दिखा उत्साह और टीम भावना*
खेल विभागाध्यक्ष डॉ. नवीन शर्मा ने बताया कि ‘प्रारम्भ-द्वितीय’ के माध्यम से नवप्रवेशित विद्यार्थियों को खेलों से जोड़ने के साथ उन्हें अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि तीन दिवसीय आयोजन में विभिन्न खेलों के मुकाबले आयोजित किए जा रहे हैं, जिनमें विद्यार्थियों के साथ वरिष्ठ खिलाड़ी एवं स्टाफ सदस्य भी भाग ले रहे हैं।
कार्यक्रम में मनोज चौधरी, विजय सिंह, रोहित शर्मा, खेल विभागाध्यक्ष डॉ. नवीन शर्मा, रजिस्ट्रार डॉ. अमित सोनी, डॉ. देवेंद्र गेहलोत, डॉ. अंकुर गोस्वामी, डॉ. धर्मेंद्र सिंह, शौकत तंवर, रामरतन सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी, संकाय सदस्य एवं स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।










