बीकानेर। गंगाशहर के सुजानदेसर स्थित रामझरोखा कैलाशधाम में पूरे श्रावण माह में रुद्राभिषेक आयोजन की पूर्णाहुति शुक्रवार को की गई। राष्ट्रीय संत श्री सरजूदास जी महाराज ने बताया कि परम पूज्य गुरुदेव सियारामजी महाराज की कृपा एवं पूज्य श्री रामदास जी महाराज के आशीर्वाद से पूर्णिमा के दिन श्रावण रुद्राभिषेक महोत्सव का समापन यज्ञोनुष्ठान पूर्वक किया गया। विश्व कल्याण के भाव से आयोजित इस अनुष्ठान में पं. सुरेश महाराज ने यजमान उत्तम भाटी सपत्नीक पूजन किया। रामझरोखा कैलाशधाम के पीठाधीश्वर श्री सरजूदास जी महाराज ने बताया कि सावन मास भगवान शिव को अत्यंत प्रिय है और इस पूरे महीने में शिव भक्ति व जलाभिषेक का विशेष महत्व होता है। इसलिए रोजाना अलग-अलग पदार्थों जल, दूध, दही, घी, पंचामृत, शहद, बेलपत्र, औषधि आदि अनेक प्रकार से अभिषेक किया गया। प्रत्येक सोमवार को रुद्राभिषेक में सैकड़ों श्रद्धालुओं का आगमन रहा। उन्होंने बताया कि समुद्र मंथन के दौरान निकला हलाहल विष भगवान शिव ने अपने कंठ में धारण किया था, जिससे उनका नाम नीलकंठ पड़ा और संसार की रक्षा हुई। विष के प्रभाव को शांत करने के लिए देवी-देवताओं ने शिवजी पर गंगा जल अर्पित किया था, तभी से शिवलिंग पर जल, दूध और बेलपत्र चढ़ाने की परंपरा चली आ रही है।











