Bikaner Live

मंडल रेल प्रबंधक गौरव गोविल ने लालगढ़ स्टेशन पर सिक लाइन एवं वाशिंग लाइन का किया निरीक्षण

संरक्षा के साथ कार्य करने, कोच मेंटेनेंस बेहतर करने एवं तकनीक को उन्नत करने के दिए निर्देश

बीकानेर मंडल रेल प्रबंधक गौरव गोविल ने मंगलवार (01.09.26) को लालगढ़ स्टेशन पर  स्थित सिक लाइन एवं वाशिंग लाइन का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों से कार्यों एवं व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए मौके पर विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

मंडल रेल प्रबंधक ने सिक लाइन एवं वाशिंग लाइन में किए जा रहे कोच अनुरक्षण कार्यों को संरक्षा मानकों के अनुरूप पूरी सतर्कता के साथ करने के निर्देश दिए। उन्होंने कार्यस्थल पर संरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए निर्धारित मानकों एवं प्रक्रियाओं का पूर्ण पालन सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया।

उन्होंने यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए कोच मेंटेनेंस कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कोच में सीटों के उचित रखरखाव, साफ-सफाई तथा कोच में उपलब्ध विभिन्न उपकरणों की नियमित जांच एवं समुचित देखभाल सुनिश्चित करने पर जोर दिया, ताकि यात्रियों को स्वच्छ, सुविधाजनक एवं बेहतर यात्रा अनुभव मिल सके।

मंडल रेल प्रबंधक ने वाशिंग लाइन की कार्यप्रणाली का भी निरीक्षण किया तथा कोचों की सफाई एवं अनुरक्षण कार्यों को निर्धारित मानकों के अनुरूप सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कार्यों में तकनीक के अधिकतम उपयोग तथा तकनीकी व्यवस्थाओं को और उन्नत करने पर जोर दिया।

सिक लाइन के निरीक्षण के दौरान उन्होंने वहां कोचों में आने वाली तकनीकी खराबियों को दुरुस्त करने की प्रक्रिया एवं व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को तकनीकी खराबियों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने तथा कोचों को परिचालन के लिए पूरी तरह अनुरूप बनाने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (समन्वय) ऋतुराज शर्मा, वरिष्ठ मंडल मैकेनिकल इंजीनियर (कैरिज एंड वैगन) मुकेश यादव, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (विद्युत सामान्य) आदित्य लेघा, मूवमेंट इंस्पेक्टर महेंद्र सिंह सहित रेलवे की विभिन्न शाखाओं के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Picture of Gordhan Soni

Gordhan Soni

खबर

Related Post

error: Content is protected !!