Bikaner Live

ऑपरेशन नीलकंठ: बीकानेर पुलिस की तीन बड़ी कार्रवाई, चार आरोपी गिरफ्तार




दंतौर में 40 किलो 150 ग्राम डोडा-पोस्त और दो कारें जब्त; रणजीतपुरा व गजनेर पुलिस ने फरार आरोपियों को दबोचा

बीकानेर, 1 सितंबर। अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन नीलकंठ’ के तहत बीकानेर पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने 40 किलो 150 ग्राम डोडा-पोस्त और दो कारें जब्त की हैं। इसके अलावा डोडा-पोस्त सप्लाई के मामले में तीन महीने से फरार आरोपी तथा अफीम तस्करी के प्रकरण में छह महीने से फरार पांच हजार रुपये के इनामी आरोपी को भी गिरफ्तार किया गया है।

यह कार्रवाई बीकानेर रेंज पुलिस महानिरीक्षक ओमप्रकाश और जिला पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा के निर्देशन में की गई।

दंतौर में तीन आरोपी गिरफ्तार

दंतौर थाना पुलिस ने 31 अगस्त को कार्रवाई करते हुए दिनेश, सुखराम और द्वारका प्रसाद को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार दिनेश ऑल्टो कार संख्या RJ 13 CD 8770 में 40 किलो 150 ग्राम अवैध डोडा-पोस्त ले जा रहा था। उसके आगे सुखराम और द्वारका प्रसाद स्विफ्ट कार संख्या RJ 10 CB 5746 से कथित रूप से एस्कॉर्ट कर रहे थे।

पुलिस ने दोनों कारों और डोडा-पोस्त को जब्त कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपियों से तस्करी के नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों के संबंध में पूछताछ की जा रही है। कार्रवाई में थानाधिकारी सुरेंद्र कुमार, हेड कांस्टेबल सुनील कुमार तथा कांस्टेबल कुलदीप, सुरेश कुमार, सोनू कुमार और सुरेश विश्नोई शामिल रहे।

तीन महीने से फरार सप्लायर गिरफ्तार

रणजीतपुरा थाना पुलिस ने बज्जू थाने में दर्ज एनडीपीएस मामले में फरार चल रहे आरोपी शिवप्रताप विश्नोई (42) निवासी बज्जू खालसा को 31 अगस्त को गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार आरोपी पर अवैध डोडा-पोस्त छिलका सप्लाई करने का आरोप है और वह पिछले तीन महीने से फरार चल रहा था। मामले में आरोपी से पूछताछ जारी है। कार्रवाई में थानाधिकारी जगदीश सिंह, कांस्टेबल मोडाराम, मोबताराम और विक्रम सिंह शामिल रहे।

पांच हजार का इनामी आरोपी भी गिरफ्त में

गजनेर थाना पुलिस ने 1 किलो 955 ग्राम अफीम से जुड़े मामले में करीब छह महीने से फरार पांच हजार रुपये के इनामी आरोपी श्याम विश्नोई (19) निवासी अमर सिंह की ढाणी, कानासर की सिड, पुलिस थाना बाप, जिला फलोदी को गिरफ्तार किया है।

यह मामला 18 फरवरी 2026 को हदां थाना पुलिस द्वारा एनएच-11 पर रामदेव मंदिर रोही नोखड़ा के पास की गई कार्रवाई से जुड़ा है। पुलिस ने बोलेरो कैंपर संख्या RJ 07 GF 1616 से 1 किलो 955 ग्राम अफीम बरामद कर भरतराम आचार्य को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में अफीम श्याम विश्नोई के कहने पर परिवहन करने की बात सामने आने का दावा किया गया था।

पुलिस के अनुसार श्याम गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहा था। रिश्तेदारों और परिचितों के बारे में जानकारी जुटाने तथा मोबाइल नंबरों की निगरानी के बाद उसे 30 अगस्त को गिरफ्तार किया गया। न्यायालय ने आरोपी को तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा है। उससे अफीम की खरीद-फरोख्त और तस्करी नेटवर्क के बारे में पूछताछ की जा रही है।

Picture of Gordhan Soni

Gordhan Soni

खबर

Related Post

दंतौर में 40 किलो 150 ग्राम डोडा-पोस्त और दो कारें जब्त; रणजीतपुरा व गजनेर पुलिस ने फरार आरोपियों को दबोचा बीकानेर, 1 सितंबर। अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन नीलकंठ’ के तहत बीकानेर पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने 40 किलो 150 … Read more

error: Content is protected !!