Bikaner Live

बीकानेर की सात निकायों के 270 वार्डों में 1213 प्रत्याशी मैदान में

नगर निगम में कांग्रेस के दो और भाजपा के एक प्रत्याशी का नामांकन खारिज, पांच वार्डों में सीधा मुकाबला

बीकानेर। जिले की सात नगरीय निकायों के 270 वार्डों में नामांकन पत्रों की जांच के बाद 1213 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। हालांकि नाम वापसी के बाद उम्मीदवारों की संख्या में बदलाव हो सकता है। सर्वाधिक 15 उम्मीदवार बीकानेर नगर निगम के वार्ड संख्या 2 में हैं।

नामांकन पत्रों की जांच के दौरान बीकानेर नगर निगम में कांग्रेस के दो और भाजपा के एक प्रत्याशी का पर्चा खारिज हुआ है। वार्ड संख्या 69 से कांग्रेस प्रत्याशी ममता सांसी का नामांकन निरस्त होने के बाद भाजपा की लीला गहलोत का निर्विरोध निर्वाचन तय माना जा रहा है।

वार्ड संख्या 26 से कांग्रेस प्रत्याशी प्रदीप कुमार और वार्ड संख्या 30 से भाजपा प्रत्याशी भंवरलाल का नामांकन भी निरस्त कर दिया गया। बताया जा रहा है कि दोनों के खिलाफ अलग-अलग थानों में मामले दर्ज हैं। अब वार्ड 30 में कांग्रेस के अब्दुल सत्तार और निर्दलीय आशा देवी के बीच सीधा मुकाबला होगा। वहीं वार्ड 26 में भाजपा के रामदयाल पंचारिया के सामने चार निर्दलीय प्रत्याशी मैदान में हैं।

पांच वार्डों में सीधी टक्कर

बीकानेर नगर निगम के पांच वार्डों में आमने-सामने का मुकाबला है। इनमें चार वार्डों में भाजपा-कांग्रेस, जबकि एक वार्ड में कांग्रेस और निर्दलीय प्रत्याशी के बीच टक्कर होगी।

  • वार्ड 12: भाजपा के हिमांशु शर्मा और कांग्रेस की सुहानी शर्मा।
  • वार्ड 30: कांग्रेस के अब्दुल सत्तार और निर्दलीय आशा देवी।
  • वार्ड 37: भाजपा के श्याम सिंह हाडला और कांग्रेस के रविंद्र पाल।
  • वार्ड 67: कांग्रेस के युनीश अली और भाजपा के हेमेंद्र भाटी।
  • वार्ड 68: कांग्रेस के परमानंद गहलोत और भाजपा के शंकरलाल।

वार्ड 2 में सर्वाधिक 15 उम्मीदवार

नगर निगम के वार्ड संख्या 2 में सर्वाधिक 15 प्रत्याशी मैदान में हैं। यहां कांग्रेस के संजय आचार्य और भाजपा के दीपक व्यास के अलावा 13 अन्य उम्मीदवार भी चुनाव लड़ रहे हैं।

वार्ड संख्या 8 में 14, वार्ड संख्या 10 और 62 में 12-12 तथा वार्ड संख्या 43 में 10 प्रत्याशियों के नामांकन सही पाए गए हैं। नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद जिले की सातों निकायों में चुनावी मुकाबले की अंतिम तस्वीर स्पष्ट होगी।

Picture of Gordhan Soni

Gordhan Soni

खबर

http://

Related Post

error: Content is protected !!